1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घर में सो रहे व्यक्ति के सिर में मारी दो गोली, यूपी के इस जिले का है मामला

घर में सो रहे व्यक्ति के सिर में मारी दो गोली, यूपी के इस जिले का है मामला

उत्तर प्रदेश के इटावा में घर में सो रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस इस हत्या की वारदात की छानबीन कर रही है।

सांकेतिक फोटो।- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सांकेतिक फोटो।

उत्तर प्रदेश के इटावा में हत्या की खौफनाक वारदात की घटना सामने आई है। यहां अपने घर में सो रहे एक शख्स की देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अज्ञात हमलावरों ने सोते हुए शख्स के सिर में दो गोलियां मारी हैं। हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने कहा है कि वह इस वारदात की जांच कर रही है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरी घटना उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में स्थित भर्थना थाना क्षेत्र के विवौली गांव में मंगलवार की देर रात घटी है। पुलिस ने इस घटना के बारे में बताया कि 28 वर्षीय लाल सिंह अपने घर में बरामदे में तखत पर सो रहा था। तभी देर रात अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर उसके सिर में दो गोली मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।

गोली की आवाज से जागे परिवार के लोग

पुलिस के मुताबिक, हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए और उन्होंने लाल सिंह को लहूलुहान पाया। पुलिस ने बताया कि घर में कोहराम सुनकर गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को इस वारदात के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वारदात से संबंधित सबूत इकट्ठा किए हैं।

ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करता था मृतक

मृतक के परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया है कि लाल सिंह ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम करता था। कुछ ही दिनों पहले गांव के लोगों के साथ उसका जमीन और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद भी हुआ था। पुलिस ने कहा है कि वह इस मामले की छानबीन कर रही है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढे़ं- अंतिम चरण में राम मंदिर का निर्माण कार्य, राम दरबार समेत 18 मूर्तियां होंगी स्थापित

उजड़ गया परिवार! पति को झपकी आने से कार खाई में गिरी; पत्नी की मृत्यु, 2 बच्चियां घायल