A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. एनकाउंटर में ढेर हुआ यूपी का कुख्यात माफिया, घोषित था एक लाख रुपये का इनाम

एनकाउंटर में ढेर हुआ यूपी का कुख्यात माफिया, घोषित था एक लाख रुपये का इनाम

उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को शुक्रवार को उस समय बड़ी कामयाबी मिली जब उसने एक एनकाउंटर में एक लाख रुपये के इनामी माफिया विनोद उपाध्याय को ढेर कर दिया।

Vinod Upadhyay, Vinod Upadhyay News, Vinod Upadhyay Encounter- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV माफिया विनोद उपाध्याय को UP STF ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है।

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स को शुक्रवार की सुबह एक बड़ी कामयाबी मिली। UP STF ने सूबे के कुख्यात माफिया विनोद उपाध्याय को एक एनकाउंटर में मार गिराया। उपाध्याय पर एक लाख रुपये का इनाम था और उसके ऊपर दर्जनों मुकदमे दर्ज थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विनोद उपाध्याय उत्तर प्रदेश के बड़े माफियाओं में शामिल था। उसका नाम सूबे के टॉप-61 माफियाओं की लिस्ट में शामिल था। उपाध्याय अयोध्या जिले के मायाबाजार का रहने वाला था और उसके ऊपर करीब 3 दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। 

सटीक निशाने लगाने के लिए जाना जाता था विनोद

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, विनोद उपाध्याय और UP STF के बीच यह मुठभेड़ सुल्तानपुर जिले के कोतवाली क्षेत्र में हुई है। बताया जा रहा है कि विनोद फायरिंग के दौरान घायल हो गया, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया। अपने सटीक निशाने के लिए मशहूर विनोद उपाध्याय ने अपराध की दुनिया में तहलका मचा रखा था। हाल-फिलहाल उसने अपना ठिकाना गोरखपुर जिले में बना रखा था। उसके खात्मे को एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

माफिया विनोद के पास से बरामद हुई स्टेन गन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुख्यात माफिया डॉन विनोद के खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश समेत लगभग 3 दर्जन मामले दर्ज थे। विनोद के साथ मुठभेड़ के दौरान STF टीम का नेतृत्व DSP दीपक सिंह कर रहे थे। मुठभेड़ के बाद माफिया के पास से 30 बोर की चाइनीज कंपनी मेड पिस्टल, 9एमएम की फैक्टरी मेड स्टेन गन के साथ-साथ जिंदा एवं खोखा कारतूस की भी बरामदगी हुई है। पुलिस ने माफिया की स्विफ्ट कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।