A
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. UP: अस्पताल गई महिला को बेहोशी का इंजेक्शन देकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

UP: अस्पताल गई महिला को बेहोशी का इंजेक्शन देकर किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

यूपी के बलरामपुर जिले में इलाज के लिए अस्पताल गई महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। अस्पताल के ही कर्मी ने महिला को बेहोशी का इंजेक्शन दे दिया। इसके बाद उसने महिला से दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला की शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE महिला की शिकायत के बाद आरोपी गिरफ्तार।

बलरामपुर: यूपी के बलरामपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी अस्पताल में महिला को बेहोशी का इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। महिला अस्पताल में इलाज कराने गई थी। वहीं होश आने के बाद महिला ने पुलिस से मामले की शिकायत की। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी अस्पताल का ही एक कर्मचारी है।

इलाज के लिए अस्पताल गई थी महिला

एसपी विकास कुमार ने बताया कि घटना शुक्रवार को पचपेड़वा थाना क्षेत्र के विमला विक्रम अस्पताल में हुई। पुलिस के अनुसार गैसड़ी इलाके की रहने वाली 28 वर्षीय महिला इलाज के लिए अस्पताल गई थी। इसी दौरान, अस्पताल के एक कर्मचारी ने कथित तौर पर उसे बेहोशी का टीका लगाया जिसके बाद उससे दुष्कर्म किया। अधिकारियों ने बताया कि होश में आने के बाद महिला ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी योगेश पांडे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में जांच जारी है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

बता दें हाल ही में बिहार के गया में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। यहां होमगार्ड भर्ती की दौड़ के बीच बेहोश हुई महिला के साथ एंबुलेंस में गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। घटना गया के बोधगया थाना क्षेत्र की है। यहां बीएमपी 3 परेड ग्राउंड में होमगार्ड की भर्ती प्रकिया चल रही है। होमगार्ड भर्ती के लिए एक महिला दौड़ में भाग लेने आई थी। दौड़ के दौरान महिला अभ्यर्थी बेहोश होकर गिर गई। उसे घटनास्थल पर तैनात एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घटना गुरुवार (24 जुलाई) की है। (इनपुट- पीटीआई)