1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Video: शाहजहांपुर में रेप के आरोपी के हाफ एनकाउंटर पर बवाल, पुलिसकर्मियों से भिड़ी महिलाएं; लाठीचार्ज

Video: शाहजहांपुर में रेप के आरोपी के हाफ एनकाउंटर पर बवाल, पुलिसकर्मियों से भिड़ी महिलाएं; लाठीचार्ज

रेप के आरोपी के हाफ एनकांउटर पर शाहजहांपुर में जमकर हंगामा हुआ। महिलाओं और गांव के लोगों ने पुलिस चौकी को घेर लिया और आरोपी के पक्ष में नारेबाजी की।

पुलिस और महिलाओं के बीच टकराव- India TV Hindi
Image Source : REPORTER पुलिस और महिलाओं के बीच टकराव

यूपी के शाहजहांपुर में रेप के आरोपी के हाफ एनकाउंटर पर लोग भड़क गए और पुलिस चौकी का घेराव कर ग्रामीणों ने भारी हंगामा किया। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने चौकी घेर ली और पुलिसकर्मियों से भिड़ गईं। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भीड़ पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज भी किया। लाठी चार्ज के दौरान भगदड़ मच गई। फिलहाल भारी पुलिस बल के पहुंचने पर स्थिति को काबू में किया गया है।

ग्रामीणों का आरोप फर्जी मुठभेड़ दिखाई गई

यहां दो दिन पहले पुलिस ने गुड्डू नाम के व्यक्ति का हाफ एनकाउंटर किया था। आरोपी के पैरों में गोली मारी गई थी। घटना थाना खुटार क्षेत्र के चांदपुर पुलिस चौकी की है। इसी क्षेत्र के रहने वाले गुड्डू पर आरोप है कि उसने एक साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने खुद आरोपी को पड़कर पुलिस के हवाले किया था। लेकिन उसी रात पुलिस ने फर्जी मुठभेड़ दिखाकर गुड्डू के पैर में दो गोली मारी।

महिलाओं ने पुलिस चौकी घेरी

मुठभेड़ को फर्जी बताते हुए शुक्रवार को गांव की तमाम महिलाएं, पुरुष और बच्चे पुलिस चौकी पहुंच गए और वहां उन्होंने चौकी को घेर कर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों पर लाठी चार्ज किया। इसके बाद कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची है और स्थिति को काबू में किया गया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर रही है। 

यहां देखें वीडियो

अपर पुलिस अधीक्षक दीक्षा भंवरे ने बताया कि 9 जून को गुड्डू शर्मा नाम के व्यक्ति ने एक साल की बच्ची का रेप किया था। इस घटना के बाद खुटार थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद गांव के प्रधान ने गुड्डू के दो तीन साथियों के साथ भोले-भाले ग्रामीणों के साथ पुलिस चौकी का घेराव कर आरोपी के पक्ष में नारेबाजी की। ग्रामीणों की भीड़ उग्र होने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया।

यहां देखें वीडियो

पुलिस के खिलाफ नारेबाजी

घटनास्थल से वीडियो भी सामने आए हैं। वीडियो में दिख रहा है कि महिलाएं और बच्चे पुलिस चौकी को घेर लिया है और नारेबाजी हो रही है। इस बीच कुछ पुलिसकर्मियों और महिलाओं से झड़प हो जाती है। पुलिस महिलाओं ने डंडे और पत्थर फेंके तो पुलिस ने भी हल्का लाठीचार्ज किया। 

रिपोर्ट- अंकित जौहर, शाहजहांपुर