1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. निर्माणाधीन मंदिर गिराने पहुंचे बुलडोजर के सामने बैठकर भजन गाने लगी महिलाएं, बैरंग लौटी MDA की टीम

निर्माणाधीन मंदिर गिराने पहुंचे बुलडोजर के सामने बैठकर भजन गाने लगी महिलाएं, बैरंग लौटी MDA की टीम

मेरठ में निर्माणाधीन मंदिर को गिराने के लिए पहुंची मेरठ विकास प्राधिकरण की टीम को बेरंग वापस लौटना पड़ा। विरोध में महिलाएं बुलडोजर के सामने बैठकर भजन गाने लगीं।

कार्रवाई का विरोध करते स्थानीय- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कार्रवाई का विरोध करते स्थानीय

मेरठ: परतापुर क्षेत्र स्थित एयरपोर्ट एंक्लेव में निर्माणाधीन मंदिर पर कार्रवाई करने पहुंची मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) की टीम को विरोध के चलते वापस लौटना पड़ा। टीम के पहुंचते ही महिलाओं ने ढोलक-मंजीरे लेकर भजन गाते हुए विरोध शुरू कर दिया, जिसके वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

भजन गाते हुए कार्रवाई का किया विरोध

गुरुवार दोपहर में MDA की टीम स्थानीय पुलिस बल के बिना मौके पर पहुंची थी। निर्माणाधीन मंदिर पर कार्रवाई की कोशिश की जानकारी मिलते ही मंदिर कमेटी के सदस्य, पार्षद पुत्र आकाश काशी और हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। महिलाओं ने भजन गाते हुए MDA की कार्रवाई का विरोध किया। मौके पर बढ़ते विरोध और पुलिस बल साथ न होने के चलते MDA की टीम बिना कार्रवाई किए वापस लौट गई।

घटना के बाद MDA की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई है। वहीं,निर्माणाधीन मंदिर के संबंध में प्राधिकरण की तरफ से कार्रवाई का आधार और आगे की रणनीति स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर पर कार्रवाई से पहले प्रशासन को संबंधित पक्ष से बातचीत करनी चाहिए। फिलहाल मौके पर कार्रवाई टल गई है। अब देखना होगा कि MDA इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।

क्यों लोंग कर रहे हैं विरोध

दरअसल, स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर एक्शन से पहले प्रशासन संबंधित पक्षों से बात करे। लोगों का कहना है कि प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई से पहले कोई नोटिस नहीं दिया। वहीं, प्रशासन का कहना है कि सरकारी जमीन पर अवैध तरीके से मंदिर का निर्माण कार्य चल रहा है। जिसे रुकवाने के लिए टीम वहां पहुंची थी। बता दें कि इससे पहले भी यूपी में सरकारी जमीन पर बने धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई की गई है। पिछले महीने सहारनपुर में एक मस्जिद को गिरा दिया गया था। इस पर भी विवाद हुआ था। मामला अब कोर्ट में है।

मंदिर के पुजारी की हत्या का मामला सुलझाने का दावा

वहीं, एटा जिले में पुलिस ने दावा किया कि उसने लालपुर गांव में हनुमान मंदिर के 70 वर्षीय पुजारी की हत्या का मामला चार घंटे के भीतर सुलझा लिया और एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि निधौली कलां क्षेत्र में पुजारी भोजराज की हत्या के सिलसिले में गब्बर उर्फ संदीप को हिरासत में लिया गया है, जिसके कपड़ों पर कथित तौर पर खून के निशान मिले हैं। 

ये पढ़ेंः मां ने लिंग परिवर्तन कराने की नहीं दी परमिशन तो नाबालिग बेटे ने मार डाला, समझाने के दौरान लोहे के रिंच से किया हमला