आज के समय में लगभग हर कोई सोशल मीडिया पर है और कई सारे लोग जो सोशल मीडिया पर हैं, उनके सिर पर रील बनाने का बुखार चढ़ा हुआ है। हम यह नहीं कह रहे हैं कि रील बनाना गलत है मगर जब रील के चक्कर कोई अपनी जान को खतरे में डालने लगे तो यह चिंता का विषय जरूर बन जाता है। आप अगर सोशल मीडिया पर हैं तो फिर ऐसे कई नमूनों के वीडियो देखे होंगे जो चंद व्यूज और लाइक्स के लिए अपनी जान को खतरे में डालकर वीडियो बनाते हैं और ऐसा सोचते हैं कि उन्होंने कोई वीरता का काम किया है। अभी भी एक ऐसे ही युवक का वीडियो वायरल हो रहा है। आइए उसके बारे में बताते हैं।
चलती ट्रेन के नीचे लेटकर बनाया वीडियो
हम जिस वायरल हो रहे वीडियो की बात कर रहे हैं उसमें नजर आता है कि एक युवक ट्रेन की पटरियों के पास पहुंच गया है। वो ट्रेन को आता देखता है तो पहले ही पटरी के बीच में लेट जाता है और इस दौरान वो फोन की रिकॉर्डिंग चालू रखता है। वो पटरी पर लेटा रहता है और पूरी ट्रेन उसके ऊपर से गुजर जाती है। जब ट्रेन गुजर जाती है तो वो उठकर खड़ा होता है और बोलता है, 'दोस्तों आपने देखा कि ट्रेन हमारे ऊपर से गुजर गई है। आप लोग सपोर्ट बनाए रखिएगा।' इस दौरान उसका एक दोस्त भी साथ में दिखता है बस यह नहीं पता कि वो बस साथ में है या फिर वो भी पटरी पर लेटा था।
यहां देखें वह वायरल वीडियो
आखिर कहां का है यह मामला?
आपको बता दें कि वायरल वीडियो यूपी के कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक सैनी कोतवाली क्षेत्र के सिराथू इलाके में रहने वाले दीनू पटेल नाम के युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह वीडियो पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रेलवे विभाग और सुरक्षा एजेंसियां अब युवक की तलाश में जुट गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के खतरनाक स्टंट न सिर्फ जानलेवा होते हैं बल्कि रेलवे नियमों का भी उल्लंघन हैं। ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
(ऐमान अहमद की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें-
गैस सिलेंडर के नीचे क्यों होते हैं ऐसे छोटे छेद? कोई भी नहीं जानता होगा जवाब
इस दुनिया में कुछ लोग ऐसे भी हैं, बंदे का काम देख आप भी करेंगे तारीफ, देखें Video