1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. Instagram पर लाइव आकर जहर पी गया युवक, पत्नी के लिए लिखा I Miss You, सामने आया VIDEO

Instagram पर लाइव आकर जहर पी गया युवक, पत्नी के लिए लिखा I Miss You, सामने आया VIDEO

बिहार के सुपौल में Instagram पर लाइव आकर एक युवक ने जहर पी लिया। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह रोते हुए दिखाई दे रहा है।

Supaul- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT Instagram पर लाइव आकर जहर पी गया युवक

सपौल: बिहार के सुपौल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर जान देने की कोशिश की और जहर पी लिया। इस घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है। 

क्या है पूरा मामला?

सुपौल के त्रिवेणीगंज बाजार से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने गुस्से और मानसिक तनाव में आकर इंस्टाग्राम पर लाइव वीडियो बनाते हुए जहरीला पदार्थ पी लिया। इस सनसनीखेज घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया।

बताया जा रहा है कि युवक पिछले करीब 7 महीनों से त्रिवेणीगंज बाजार के एक गेस्ट हाउस में किराये पर रह रहा था। उसकी पहचान जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र के वार्ड 5 निवासी बबलू साह के 25 वर्षीय पुत्र सुभाष कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सुभाष का अपने माता-पिता और पत्नी से विवाद हो गया था, पारिवारिक विवाद के बाद वह घर छोड़कर अलग रहने लगा था। परिवार को उसके ठिकाने की कोई जानकारी नहीं थी और वे लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। 

घटना के दिन सुभाष ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगातार तीन स्टोरी पोस्ट की। पहली स्टोरी में उसने अपनी पत्नी के साथ तस्वीर लगाकर “आई मिस यू जी” लिखा। दूसरी स्टोरी में “पापा माफ करना” लिखकर भावुक संदेश दिया। इसके बाद तीसरी स्टोरी में उसने जहर पीते हुए वीडियो शेयर कर दिया। जैसे ही परिजनों ने यह वीडियो देखा,उनके होश उड़ गए। वे तुरंत युवक के ठिकाने पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में उठाकर अनुमंडलीय अस्पताल लेकर गए। 

अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि युवक को पॉइजनिंग की गंभीर स्थिति में लाया गया था। उसने “ब्लैक कोबरा” नामक जहरीला पदार्थ सेवन किया था। हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने यह भी बताया कि करीब एक साल पहले ही सुभाष की शादी हुई थी और उसका एक छोटा बच्चा भी है। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद उसकी पत्नी बच्चे के साथ मायके में रह रही थी,जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहा था। 

वहीं,मामले को लेकर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने कहा कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि सोशल मीडिया पर भावनाओं का विस्फोट कितना खतरनाक रूप ले सकता है। छोटी-छोटी पारिवारिक कलह कभी-कभी जिंदगी और मौत के बीच की लड़ाई बन जाती है। (इनपुट: सुपौल से संत सरोज)