1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. रामलीला मैदान में सफाई को लेकर बवाल, युवकों को डंडों से पीटने का वीडियो वायरल

रामलीला मैदान में सफाई को लेकर बवाल, युवकों को डंडों से पीटने का वीडियो वायरल

फिरोजाबाद के रामलीला मैदान में सफाई कर्मचारियों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Firozabad- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT रामलीला मैदान में मारपीट

फिरोजाबाद में  रामलीला मैदान में सफाई को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और स्थानीय युवकों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। उत्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामलीला मैदान में हुई इस घटना के दौरान मारपीट और हंगामे का आरोप है। इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

सफाई को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर चले डंडे

जानकारी के मुताबिक रामलीला मैदान में सफाई को लेकर सफाई कर्मचारियों और कुछ स्थानीय युवकों के बीच कहासुनी हो गई। आरोपों है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला मारपीट तक पहुंच गया। यह दावा किया जा रहा है कि इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने मैदान में पड़े डंडे उठा लिए और युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया।

घटना के दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहां मौजूद लोग हंगामा और मारपीट देखकर घबरा गए। हालांकि विवाद की असल वजह क्या थी और कहासुनी किस बात को लेकर शुरू हुई, इसकी डिटेल जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी भी नजर आए

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की मौजूदगी और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो में घटनास्थल पर पुलिसकर्मी दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि मौके पर विवाद के दौरान क्या कार्रवाई की गई और मारपीट को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए।

वीडियो के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान घटना की परिस्थितियों, विवाद में शामिल लोगों और मारपीट के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी, घायलों की संख्या या पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई को लेकर कोई पुष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं है।

रिपोर्ट-लवकुश शर्मा, फिरोजाबाद

ये भी पढ़ें:
हर दिन आसमान में उड़कर काम पर जाता है ये बंदा, ट्रैफिक की कोई झंझट नहीं; यूजर्स ने VIDEO देख दिए मजेदार रिएक्शन