उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा में कुत्ते की वजह से शादी में जमकर हंगामा हुआ। दोनो पक्ष में जमकर कुर्सियां चली। मारपीट में 8 बाराती घायल हो गए। इसकी वजह से युवक ने दुल्हन से शादी करने से इनकार कर दिया। मारपीट का मामला पुलिस थाने पहुंच गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
बारात में पालतू कुत्ता छोड़ने पर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि लड़की पक्ष प्रयागराज का है। 19 फरवरी को शादी थी। शादी के दौरान सारी रस्मों को अदा की गई। आरोप है कि लड़की पक्ष ने पालतू कुत्ता लेकर बारात में छोड़ दिया। लड़के पक्ष के लोगों ने कुत्ते को देख विरोध कर कुत्ते को बांधने को लेकर कहा। तभी दोनों पक्षों में बहस होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कुर्सियां चलने लगी। मारपीट के दौरान महिलाएं सहित 8 लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
लड़के ने लड़की से की थी लव मैरिज
लड़के की बहन ने कहा कि एक पालतू कुत्ते को लेकर जमकर हंगामा हुआ। लड़की पक्ष के द्वारा कुत्ते को शादी में लाकर खुले में छोड़ देने को लेकर हंगामा हुआ। हंगामे के दौरान दोनों पक्ष खागा कोतवाली में पहुंच जहां अपनी अपनी तहरीर देकर शादी से इनकार कर दिया। लड़का पक्ष की ओर से कहा जा रहा है कि बेटे का प्रयागराज की एक लड़की से कई वर्षों से प्रेम प्रसंग था। दोनों ने मंदिर में मैरिज कर ली। दोनों की कोर्ट मैरिज के बाद दोनों परिवार शादी को राजी हुए।
यहां पर देखें वीडियो
कुत्ते को भगाने पर हुई मारपीट
लड़की पक्ष के लोगों ने पालतू कुत्ते को लेकर प्रयागराज से खागा गेस्ट हाउस पहुंचे। जहां कुत्ते ने बारातियों को भौंकना और काटना शुरू किया। तभी लड़के पक्ष के लोगो ने कुत्ते हो डंडा लेकर बाहर भगा दिया। तभी दोनों पक्षों में कहा सुनी शुरू हो गई। देखते देखते दोनों पक्षों में कुर्सियां चलना शुरू हो गया। इस दौरान 8 लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद खागा कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर जांच पड़ताल कर कार्रवाई में जुट गई। हालांकि इस मामले में लड़की पक्ष के लोगो ने कैमरे के आगे कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया। उधर खागा कोतवाल मामले की जांच पड़ताल करने में जुटे हुए है।
रिपोर्ट- उमेश चन्द्रा, फतेहपुर