Male vs Female Mosquito Difference: क्या आपको मच्छरों का नाम सुनते ही काटने का दर्द, खुजली और बीमारियों का डर सताने लगता है। लेकिन क्या आपको मालूम है कि हर मच्छर नहीं काटता है? जी हां, ये सच है क्योंकि नर मच्छर हम इंसानों का खून नहीं चूसते हैं। काटने और खून चूसने का काम सिर्फ मादा मच्छर ही करती हैं। जानें नर और मादा मच्छर के व्यवहार में ऐसा अंतर क्यों होता है।
नर और मादा मच्छरों की दुनिया में अंतर
National Environment Agency की रिपोर्ट के मुताबिक, नर और मादा मच्छरों की दुनिया में दिलचस्प अंतर होता है। नर मच्छर खून नहीं चूसते हैं। वे फूलों के रस यानी नेक्टर और पौधों के जूस पर ही निर्भर होते हैं। यही भोजन उनके लिए पर्याप्त है। उन्हें इंसानों या किसी और जानवर का खून चूसने की बिल्कुल जरूरत नहीं होती है। इसलिए यदि कोई मच्छर आपके आसपास मंडराए, तो जरूरी नहीं कि वह आपका खून चूसने ही आया हो।
मादा मच्छर क्यों चूसती हैं खून?
यदि बात करें मादा मच्छरों की, तो उनसे असली 'खतरा' होता है। हमें सिर्फ मादा मच्छर ही काटती हैं। इसके पीछे भी एक खास वजह होती है। दरअसल, अपने अंडों के विकास के लिए मादा मच्छरों को अतिरिक्त पोषण की जरूरत होती है। इसमें भी खास प्रोटीन और आयरन होता है, जो उन्हें इंसानों के खून से मिल जाता है। यही वजह है कि मादा मच्छर, इंसानों का खून चूसती हैं।
हर वक्त खून नहीं चूसती हैं मादा मच्छर
ये भी दिलचस्प है कि मादा मच्छर हर वक्त खून नहीं चूसती हैं। जब मादा मच्छरों को अंडे देने होते हैं, तभी वे एक्टिव रूप से किसी होस्ट की तलाश करने में जुटती हैं। बाकी वक्त वे भी नर मच्छरों की तरह पौधों के रस से अपना काम चलाती हैं।
हालांकि, आपको मादा मच्छरों से सावधान रहने की जरूरत है। ऐसा इसलिए क्योंकि इनके काटने से आपको डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, पीला बुखार और कई अन्य बीमारियां हो सकती हैं। इसमें तेज बुखार, कमजोरी और जोड़ों में दर्द जैसे लक्षण होते हैं।
ये भी पढ़ें- गजब! शादी के लिए फैमिली ने बुक किया ट्रेन का पूरा डिब्बा, इंतजाम देख आंखें फटी रह जाएंगी; Video