1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. इंटरनेट पर धूम मचा रहा नया स्टार 'मटरू', कलेक्ट्रेट में खूब जम रही बंदर-कुत्ते की जोड़ी; VIDEO वायरल

इंटरनेट पर धूम मचा रहा नया स्टार 'मटरू', कलेक्ट्रेट में खूब जम रही बंदर-कुत्ते की जोड़ी; VIDEO वायरल

बागपत जिला कलेक्ट्रेट इन दिनों किसी प्रशासनिक फैसले से नहीं, बल्कि ‘मटरू’ नाम के एक लंगूर की वजह से सुर्खियों में है। कलेक्ट्रेट परिसर में रहने वाला यह लंगूर अब वहां का अनौपचारिक ‘स्टार’ बन गया है।

बंदर और कुत्तों के बीच गहरी दोस्ती। - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बंदर और कुत्तों के बीच गहरी दोस्ती।

बागपत: कभी बंदर और कुत्ते आमने-सामने आ जाएं तो लोग दूर हट जाते हैं, लेकिन बागपत कलेक्ट्रेट में इन दिनों एक अलग ही नजारा देखने को मिल रहा है। यहां एक लंगूर है, जिसका नाम है ‘मटरू’। और मटरू की दोस्ती ऐसी है, जिसे देखकर हर कोई हैरान भी है और खुश भी। मटरू की खासियत उसकी शरारत नहीं, बल्कि उसकी दोस्ती है। आमतौर पर जहां बंदर और कुत्ते आमने-सामने आते ही माहौल तनावपूर्ण हो जाता है, वहीं बागपत कलेक्ट्रेट में नजारा बिल्कुल उलट है। यहां मटरू कुत्तों और छोटे-छोटे पिल्लों के साथ खेलता, दौड़ता और मस्ती करता नजर आता है।

कुत्तों से घुम-मिल गया मटरू

वायरल हो रहे वीडियो में कभी वह पिल्लों के पीछे भागता दिखता है, तो कभी उनके बीच बैठकर आराम फरमाता है। कई बार फरियादी भी उसे देखकर ठिठक जाते हैं। कुछ लोग मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगते हैं, तो कुछ उसके इस अलग अंदाज पर मुस्कुरा उठते हैं। स्थानीय कर्मचारियों के मुताबिक, पहले परिसर में बंदरों के आते ही कुत्ते भौंकने लगते थे और भगदड़ जैसा माहौल बन जाता था। लेकिन मटरू के साथ ऐसा नहीं है। वह कुत्तों के बीच ऐसे घुल-मिल गया है, मानो सालों पुरानी दोस्ती हो।

यूजर बता रहे नेचर का सरप्राइज

सरकारी दफ्तर की सख्त दीवारों और गंभीर माहौल के बीच यह मासूम यारी लोगों को सुकून दे रही है। फाइलों और फरियादों के बीच मटरू की उछलकूद जैसे माहौल को हल्का कर देती है। सोशल मीडिया पर लोग इस दोस्ती को ‘नेचर का सरप्राइज’ बता रहे हैं। कई यूजर्स लिख रहे हैं कि जहां इंसान छोटी-छोटी बातों पर लड़ जाते हैं, वहां जानवरों की यह दोस्ती एक सीख देती है। बागपत कलेक्ट्रेट का यह नजारा अब सिर्फ एक वीडियो नहीं, बल्कि एक ऐसी कहानी बन गया है, जो बताती है कि दोस्ती की कोई प्रजाति नहीं होती। और शायद यही वजह है कि बागपत का ‘मटरू’ इन दिनों हर किसी के चेहरे पर मुस्कान ला रहा है। (इनपुट- पारस जैन)

यह भी पढ़ें-

VIDEO: लव मैरिज करके गांव पहुंची तो लड़की पर टूट पड़े घर वाले, लाठी-डंडे से कूटा; पति को भी नहीं छोड़ा