1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. Scorpio Car में हैंड ब्रेक लगाना भूल गया ड्राइवर, गंगा में उतरी गाड़ी, बाहर निकालने में छूटा लोगों का पसीना, देखें VIDEO

Scorpio Car में हैंड ब्रेक लगाना भूल गया ड्राइवर, गंगा में उतरी गाड़ी, बाहर निकालने में छूटा लोगों का पसीना, देखें VIDEO

बिहार के मुंगेर में एक ड्राइवर अपनी कार का हैंड ब्रेक लगाना भूल गया और इसका नतीजा ये हुआ कि कार गंगा नदी में उतरकर तैरने लगी। इसका वीडियो भी सामने आया है।

 Scorpio- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV Scorpio कार का गंगा में तैरते हुए वीडियो सामने आया

मुंगेर: बिहार के मुंगेर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक कार का ड्राइवर हैंड ब्रेक लगाना भूल गया, जिसकी वजह से कार देखते ही देखते गंगा में समा गई और तैरनी लगी। घंटों ये कार पानी में तैरती रही और फिर मौके पर कार को गंगा से निकालने के लिए तमाम लोग जमा हो गए और रस्सी से कार को खींचने की कोशिश करने लगे।

क्या है पूरा मामला?

मुंगेर के सीताकुंड डीह गंगा घाट पर एक ऐसी घटना हुई  जिसे देखकर लोग हैरान रह गए। यहां एक स्कॉर्पियो गाड़ी सड़क से सीधे गंगा में उतर गई लेकिन डूबी नहीं बल्कि नाव की तरह घंटों तक पानी पर तैरती रही। घटना का वीडियो और नजारा देखने के लिए घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि चालक हैंड ब्रेक लगाना भूल गया था और बस यही छोटी सी लापरवाही बड़ी घटना में बदल गई।

दरअसल मुंगेर के सीताकुंड डीह घाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब घाट किनारे खड़ी एक स्कॉर्पियो अचानक ढलान से सरकते हुए गंगा नदी में जा पहुंची। लोगों को लगा कि गाड़ी सीधे पानी में डूब जाएगी लेकिन स्कॉर्पियो नदी की सतह पर तैरने लगी। गाड़ी को पानी में बहता देख घाट पर मौजूद लोग हैरान रह गए और शोर मचाने लगे। जानकारी के अनुसार सहरसा के नैहाटी निवासी चुन्नू मुखिया जिला परिषद सदस्य निवास मंडल के यहां आए थे।

स्कॉर्पियो को घाट किनारे खड़ा कर वे घर चले गए। इसी दौरान चालक कथित तौर पर हैंड ब्रेक लगाना भूल गया। घाट पर ढलान होने के कारण वाहन धीरे-धीरे पीछे सरका और सीधे गंगा में उतर गया। घटना के बाद स्कॉर्पियो गंगा की धारा के साथ काफी दूर तक बहती रही। स्थानीय लोग रस्सी और नाव की मदद से वाहन को काफी मशक्कत के बाद बहने से  रोकते हुए उसे बाहर निकाल लिया। यह घटना सिर्फ एक हादसा नहीं बल्कि लापरवाही का बड़ा सबक भी है। एक छोटी सी भूल यानी हैंड ब्रेक नहीं लगाना लाखों की गाड़ी को गंगा की धारा में बहा ले गया।

गनीमत रही कि उस समय वाहन में कोई सवार नहीं था वरना यह हादसा जानलेवा भी साबित हो सकता था। गंगा में नाव की तरह तैरती स्कॉर्पियो का यह अजीबोगरीब नजारा अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। (रिपोर्ट- इम्तियाज खान)