1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. राजस्थान में घुसा कूनो नेशनल पार्क का चीता, बकरी को बनाया नाश्ता, सामने आया Video

राजस्थान में घुसा कूनो नेशनल पार्क का चीता, बकरी को बनाया नाश्ता, सामने आया Video

राजस्थान के बारां जिले के रामगढ़ क्षेत्र में कूनो नेशनल पार्क से आये चीते ने बकरी का शिकार किया है जिसके बाद से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। आइए जानते हैं पूरा मामला।

kuno cheetah rajasthan hunting- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कूनो के चीते ने राजस्थान में किया शिकार।

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए चीते अब अच्छे खासे बड़े हो गए हैं। इनमें से एक चीते केपी-2 ने मध्य प्रदेश की सीमा को पार कर के राजस्थान में एंट्री कर ली है। चीते ने बारां जिले में पार्वती नदी को भी तैरकर पार किया। इसके अलावा चीते ने रामगढ़ क्षेत्र में बकरी का भी शिकार किया है। केपी-2 चीते द्वारा बकरी का शिकार किए जाने का वीडियो भी सामने आया है।

ग्रामीणों में डर का माहौल

बारां जिले के रामगढ़ क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कूनो नेशनल पार्क से आए चीते द्वारा खेत में चर रही एक बकरी का शिकार कर लिया गया। घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में डर का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी है।

सामने आया शिकार का वीडियो

जानकारी के मुताबिक, बारां जिले में कूनो से आए चीते केपी-2 का गुरुवार को छठवें दिन रामगढ़ क्रेटर के आसपास मूवमेंट बना रहा। चीते का मूवमेंट रामगढ़ क्रेटर के पीछे गोपालपुरा से निकलकर गोरेला गांव के पास खेतों और वनक्षेत्र में बना रहा। दिनभर बारिश के बीच भी चीता लगातार घूमता रहा। उसने दिन में पार्वती नदी को भी तैरकर पार किया। वहीं, छठवें दिन उसने बकरी का शिकार किया जिसका वीडियो भी सामने आया है।

टीम रख रही चीते पर नजर

जानकारी के मुताबिक, चीता केपी-2 कूनो नेशनल पार्क से निकलकर करीब 90 किमी दूर रामगढ़ क्रेटर एरिया में दूसरी बार पहुंचा है। यहां उसने एक नीलगाय का शिकार किया है। वहीं, गुरुवार को उसने दूसरा शिकार किया है। रेंजर दीपक शर्मा ने बताया कि चीते का मूवमेंट रामगढ़ एरिया में बना हुआ है। कूनो पार्क की टीमों के साथ उसकी निगरानी की जा रही है। उप वन संरक्षक विवेकानंद माणिकराव बडे ने बताया है कि चीता केपी-2 रामगढ़ क्रेटर के आसपास के एरिया में विचरण कर रहा है। गुरुवार को उसने बकरी का शिकार किया है। कूनो नेशनल पार्क की टीमों के साथ स्थानीय टीमें लगातार उस पर निगरानी बनाए हुए हैं। (रिपोर्ट: राम मेहता)

ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव से महिला ने कही ऐसी बात कि रातों-रात Viral हो गया VIDEO, इंटरनेट पर छा गईं 'भाभी जी'

एक डॉलर में बिक गया था USSR के खिलाफ जंग छेड़ने वाला 'देश', आज नामोनिशान भी नहीं बचा