रायसेनः मध्य प्रदेश रायसेन जिले के सतलापुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। शिव मल्टी केयर हॉस्पिटल के ठीक सामने एक कार चालक ने सड़क पर जा रहे एक कंपनी के कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कर्मचारी 5 फीट ऊपर उछलकर रोड पर जा गिरा। शख्स को टक्कर मारने के बाद कार सवार ने गाड़ी को बैक कर दोबारा कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
कार चालक ने पहले टक्कर मारी, फिर पीछा कर दोबारा कुचला
पूरी वारदात पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान कृष्ण पाल के रूप में हुई है, जोकि एक कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह बुधवार सुबह ड्यूटी पर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर पड़ा, लेकिन कार चालक यहीं नहीं रुका। उसने कार मोड़कर दोबारा युवक को कुचल दिया और मौके से फरार हो गया।
आरोपी कार ड्राइवर गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही सतलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। आसपास मौजूद लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। सतलापुर थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी मंडीदीप का ही निवासी है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यहां देखें वीडियो
सीसीटीवी से आरोपी की हुई पहचान
यह हादसा बुधवार सुबह करीब 5 बजे सतलापुर थाना इलाके में शिव मल्टीकेयर हॉस्पिटल के सामने हुआ। घटना का CCTV फुटेज सामने आया, जिससे पुलिस को 24 घंटे के अंदर ड्राइवर की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने में मदद मिली। मरने वाले की पहचान कृष्ण पाल के रूप में हुई है। यह घटना उस समय हुई जब जब वह ड्यूटी पर जा रहा था। सड़क पर लाश पड़ी होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
रिपोर्ट- अंबुज माहेश्वरी, रायसेन