1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. आपस में लड़ रहे आवारा सांडों ने बाइक सवार को उठाकर पटका, सड़क बनी जंग का मैदान, वीडियो वायरल

आपस में लड़ रहे आवारा सांडों ने बाइक सवार को उठाकर पटका, सड़क बनी जंग का मैदान, वीडियो वायरल

ग्वालियर में दो सांड लड़ते-लड़ते रोड पर आ गए और जमकर तांडव किया। सांड ने बाइक सवार को उठाकर पटक दिया। इससे दो लोग घायल हो गए।

आपस में लड़ते सांड- India TV Hindi
Image Source : REPORTER आपस में लड़ते सांड

मध्य प्रदेश में ग्वालियर जिले के डबरा में तहसील रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आवारा सांडों के आपसी संघर्ष ने सड़क को जंग का मैदान बना दिया। लड़ते हुए सांडों ने राह चलते लोगों को निशाना बना लिया। इसी दौरान एक बाइक सवार दंपति को सांडों ने पटक दिया, जिससे महिला सहित दो लोग घायल हो गए।

सांड ने बाइक सवार दो लोगों को उठाकर का पटका

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सांडों की लड़ाई इतनी उग्र थी कि सड़क पर चल रहे राहगीर संभल भी नहीं पाए। एक राहगीर सांडों की चपेट में आ गया, जिससे महिला और उसके साथी को चोटें आईं। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से उपचार के लिए भेजा गया। इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय प्रशासन की घोर लापरवाही को उजागर कर दिया है। शहर की सड़कों पर खुलेआम घूम रहे आवारा पशु न सिर्फ ट्रैफिक बाधित कर रहे हैं, बल्कि आम जनता की जान के लिए भी खतरा बन चुके हैं। सवाल यह है कि हादसे के बाद जागने वाला प्रशासन आखिर पहले क्यों नहीं हरकत में आता। 

महिला के साथ मारपीट का वीडियो वायरल

वहीं, ग्वालियर जिले के डबरा गुलयाई निवासी महिला के साथ मारपीट और बाइक चोरी की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में पीड़िता अमरजीत कौर अपने साथ हुई मारपीट और लूट की आपबीती बताते हुए नजर आ रही हैं। महिला के अनुसार, शादी समारोह से लौटते समय चुंगी के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया, मारपीट की और उनकी मोटरसाइकिल छीनकर फरार हो गए। 

पीड़िता ने चोमो निवासी बल्लू, अवतार, जितेंद्र और मेजर पर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन 8 दिन बीतने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वायरल वीडियो के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। महिला ने प्रशासन से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद करने की मांग की है।

रिपोर्ट- भूपेन्द्र भदौरिया, ग्वालियर