1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. उरई में कोचिंग जाने वाले छात्रों के दो गुट भिड़े, सड़क पर चले लात-घूंसे, CCTV में कैद हुई मारपीट

उरई में कोचिंग जाने वाले छात्रों के दो गुट भिड़े, सड़क पर चले लात-घूंसे, CCTV में कैद हुई मारपीट

जालौन के उरई कोतवाली क्षेत्र के राजेंद्र नगर में कोचिंग जाने वाले छात्रों के दो गुटों के बीच कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। दोनों पक्षों के छात्रों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाए।

Orai- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT उरई में कोचिंग जाने वाले छात्रों के दो गुट भिड़े

पढ़ाई के लिए घर से निकले छात्र कब आपस में भिड़ जाएं और सड़क को अखाड़ा बना दें, इसका एक नजारा उरई में देखने को मिला। यहां कोचिंग जाने वाले छात्रों के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगे। इस घटना से इलाके में हलचल मच गई। पूरी मारपीट पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामला उरई कोतवाली क्षेत्र के राजेंद्र नगर मोहल्ले का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कोचिंग जाने वाले छात्रों के दो गुट किसी बात को लेकर आमने-सामने आ गए थे। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि छात्र एक-दूसरे से भिड़ गए। मौके पर मौजूद लोगों के सामने ही दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान किसी ने भी पीछे हटने के बजाय एक-दूसरे पर हमला करना जारी रखा।

घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मारपीट कर रहे छात्रों को देखकर आसपास के लोग भी सतर्क हो गए। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गईं। बाद में घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा, जिसके बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

CCTV फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ छात्रों को पकड़ लिया है, जबकि कई अन्य के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटना में शामिल युवकों की पहचान करने और विवाद की वजह पता लगाने में जुटी है।

छात्रों की मारपीट ने खड़े किए सवाल

शहर में छात्रों के बीच इस तरह के झगड़े सामने आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है। घटना में झगड़े का वायरल वीडियो आने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक डॉ ईशान सोनी ने कहा कि छात्रों के बीच झगड़े की सूचनाएं उरई मुख्यालय के कोचिंग सेंटर के पास से अधिकतर आने लगी है जिसको देखते हुए पुलिस शाम को कोचिंग के मुख्य जगहों पर पुलिस की पिकेट बढ़ा दी गई है। साथ छात्रों को कोचिंग सेंटर के जरिए यह संदेश भी दिया जा रहा है कि कोचिंग समाप्त होने के बाद सीधे घर जाएं।

(रिपोर्ट: वरुण द्विवेदी)

यह भी पढ़ें:

भिखारियों की भी जॉब खा जाएगा चीन का ये रोबोट, Viral Video में रिचार्ज के लिए पैसे मांगता दिखा

दिल्ली पुलिस ने चंद घंटों में ढूंढ़ निकाला पासपोर्ट और वीजा से भरा बैग, पोस्ट देखते ही तारीफ करने लगे यूजर्स