A
  1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. चाय से ज्यादा केतली गरम! थानेदार साहब ने ड्राइवर क्या रख लिया, राजेश 'बाहुबली' बन गया, भूल गया सारी मर्यादा

चाय से ज्यादा केतली गरम! थानेदार साहब ने ड्राइवर क्या रख लिया, राजेश 'बाहुबली' बन गया, भूल गया सारी मर्यादा

वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी ड्राइवर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में कई रील बना रहा है। उनमें आपत्तिजनक गाने लगाकर रील शेयर की जा रही हैं। जबकि आरोपी ड्राइवर आधिकारिक रूप से पुलिस विभाग से जुड़ा हुआ नहीं है।

Kunauli Viral Video- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सुपौल के कुनौली के वायरल वीडियो

बिहार के सुपौल जिले से थानेदार का ड्राइवर  सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस ड्राइवर ने कई वीडियो बनाए हैं, जिनमें वह पुलिस की गाड़ी में नजर आ रहा है। उसने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी कई वीडियो बनाए हैं। इन वीडियो को एडिट कर इनमें आपत्तिजनक गाने लगाए गए हैं, जिन्हें लेकर बवाल हो रहा है। मामला भारत–नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे सुपौल जिले के कुनौली थाना से जुड़ा है। यह घटना पुलिस की कार्यशैली और वर्दी की गरिमा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। 

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो और तस्वीरों में कुनौली थानाध्यक्ष रोशन कुमार और उनके कथित निजी ड्राइवर राजेश कुमार को सरकारी पुलिस वैन का खुलेआम दुरुपयोग करते देखा जा रहा है। 

वायरल वीडियो में क्या?

वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष पुलिस वर्दी में मोबाइल पर अलग ही अंदाज में बातचीत करते नजर आ रहे हैं, जबकि वाहन चला रहा व्यक्ति रील बनाता हुआ दिखाई दे रहा है। रील्स के बैकग्राउंड में भोजपुरी गाने “तू तारीख लड़ते रह जेबी, हम जजवे के खरीद लेबो”, “कोई बाहुबली को झेल लिया जाएगा”, “हई जिला के बाहुबली, चला देब गोली त केहू ना बोली” जैसे आपत्तिजनक संवाद और गानों का प्रयोग किया गया है। इन वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश व्याप्त है और पुलिस की साख को ठेस पहुंचती दिखाई दे रही है। मामले में सबसे गंभीर आरोप यह है कि थानाध्यक्ष द्वारा एक निजी व्यक्ति को अवैध रूप से ड्राइवर के रूप में रखा गया है, जो न तो पुलिसकर्मी है और न ही किसी प्रकार से अधिकृत। इसके बावजूद उसे सरकारी पुलिस वाहन चलाते, थाना से जुड़े कार्यों में शामिल रहते और यहां तक कि थानाध्यक्ष के साथ सीमा पार नेपाल में भी देखा गया है। 

वीडियो में नोट का बंडल भी मिला

वायरल तस्वीरों में नेपाल में दोनों की मौजूदगी ने सीमा सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। इतना ही नहीं, कुछ वायरल वीडियो और तस्वीरों में नोट के बंडल भी सामने आए हैं, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहराता जा रहा है। लोगों का कहना है कि अत्यंत संवेदनशील भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र में किसी बाहरी व्यक्ति को सरकारी वाहन और पुलिस गतिविधियों तक पहुंच देना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी गंभीर चूक है।

थानाध्यक्ष पर पहले भी लगे आरोप

बताया जा रहा है कि इससे पहले भी थानाध्यक्ष पर एक मूकबधिर युवक को नेपाल सीमा के पास छोड़ देने जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं। हालांकि उन मामलों में भी ठोस कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी है। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष,उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एसपी ने शुरू की जांच

इस मामले पर सुपौल एसपी शरथ आरएस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी दो टूक कहा कि कानून और पुलिस की साख को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

(सुपौल से संत सरोज की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

अनोखी शादी! दूल्हे के घर बारात लेकर पहुंच गई युवती, मच गया हड़कंप; गांव वालों ने कराई शादी

मौत से पहले व्यापारी को भेजा 'कफन' और धमकी भरी चिट्ठी, 'छोटा गिफ्ट' का मतलब जान कांप गया परिवार