Slowest Airplane In The World: कल्पना कीजिए एक ऐसा हवाई जहाज जो हवा में उड़ तो रहा है, लेकिन उसकी रफ्तार इतनी धीमी है कि एक आम साइकिल वाला भी उसे पीछे छोड़ सकता है! जी हां, हम बात कर रहे हैं 'गॉसमर अल्बाट्रॉस' की। इसे दुनिया का सबसे धीमी गति से उड़ने वाला विमान माना जाता है। इसकी अधिकतम स्पीड सिर्फ 29 किलोमीटर प्रति घंटा है। बता दें कि औसत साइकिल सवार 25-30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलता है, और अगर कोई तेज साइकिलिस्ट हो तो 40 किलोमीटर प्रति घंटा भी पार कर सकता है। यानी कि गॉसमर अल्बाट्रॉस नाम का यह विमान अगर फुल स्पीड में भी उड़े तो एक अच्छे साइकिल सवार से रेस नहीं जीत पाएगा।
एयरोवायरनमेंट ने बनाया था ये कमाल का विमान
गॉसमर अल्बाट्रॉस को अमेरिकी एयरोनॉटिकल इंजीनियर पॉल बी. मैकक्रेडी की कंपनी एयरोवायरनमेंट ने बनाया था। ये विमान पूरी तरह से इंसानी ताकत पर चलता है, यानी कि इसमें कोई इंजन नहीं लगा है, बल्कि सिर्फ पैडल मारकर प्रोपेलर घुमाना पड़ता है। इसका डिजाइन 'कैनार्ड' कॉन्फिगरेशन पर आधारित है, जिसमें विंग के आगे एक बड़ा हॉरिजॉंटल स्टेबलाइजर होता है। यह डिजाइन ठीक वैसा ही है जैसे राइट ब्रदर्स के पहले सफल विमान 'राइट फ्लायर' में था। इस विमान का फ्रेम कार्बन फाइबर से बना है, विंग्स के रिब्स एक्सपैंडेड पॉलीस्टाइरीन से, और पूरा स्ट्रक्चर एक पतली, पारदर्शी प्लास्टिक से लपेटा गया है।
Image Source : Public Domainगॉसमर अल्बाट्रॉस को साइकिल भी पीछे छोड़ देती है।
आखिर क्या खासियतें हैं इस धीमे हवाई जहाज की?
आपको इस जहाज की खासियतों के बारे में भी जानकर आश्चर्य होगा। आइए, आपको एक-एक करके इसकी विशेषताएं बताते हैं:
- क्रू: एक पायलट, जिसकी ताकत से विमान उड़ान भरता है।
- क्षमता: 66 किलोग्राम का लोड
- लंबाई: 34 फीट
- विंगस्पैन: 97 फीट 8 इंच
- ऊंचाई: 16 फीट
- विंग एरिया: 488 स्क्वेयर फीट
- एस्पेक्ट रेशियो: 19.5
- खाली वजन: 32 किलोग्राम
- कुल वजन: 98 किलोग्राम
- पावरप्लांट: 1 × ह्यूमन
इंग्लिश चैनल पार करके बनाया था अनोखा रिकॉर्ड
गॉसमर अल्बाट्रॉस की रेंज करीब 56 किलोमीटर है, और अपनी 29 किमी प्रति घंटा की अधिकतम स्पीड की वजह से इसे दुनिया का सबसे धीमा उड़ने वाला विमान कहा जाता है। अपने लंबे, पतले विंग्स की वजह से ये ग्लाइडर की तरह कम ताकत में उड़ सकता है। Gossamer Albatross 12 जून 1979 को पैडल मारकर मानव-शक्ति से इंग्लिश चैनल पार करने वाला दुनिया का पहला विमान बना था। इस विमान को ब्रायन एलन ने उड़ाया था, और 37 किमी की दूरी 2 घंटे 49 मिनट में तय कर इतिहास रच दिया था। इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए उसने 1,00,000 पाउंड का क्रेमर पुरस्कार भी जीता था।