1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. शावक के साथ मस्ती करती नजर आई बाघिन, आमने-सामने पड़ गए बाघ-भैंस; सरिस्का बाघ अभ्यारण के दो VIDEO वायरल

शावक के साथ मस्ती करती नजर आई बाघिन, आमने-सामने पड़ गए बाघ-भैंस; सरिस्का बाघ अभ्यारण के दो VIDEO वायरल

अलवर के सरिस्का बाघ अभ्यारण से दो वीडियो सामने आए हैं, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में बाघिन अपने शावक के साथ वॉटर पॉइंट पर मस्ती करती नजर आ रही है, जबकि दूसरे में बाघ-भैंस आमने-सामने आ गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सरिस्का बाघ अभ्यारण के दो वीडियो हो रहे वायरल।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सरिस्का बाघ अभ्यारण के दो वीडियो हो रहे वायरल।

अलवर के सरिस्का बाघ अभ्यारण्य से वन्यजीव प्रेमियों के लिए रोमांचित कर देने वाले दो वीडियो सामने आए हैं। ये दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में बाघिन अपने शावक के साथ वाटर पॉइंट पर नजर आ रही है। इस दौरान दोनों को मस्ती करते हुए देखा जा सकता है, जबकि दूसरे वीडियो में जंगल के बीच बाघ और भैंस आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। सरिस्का के जंगल से सामने आए ये दोनों रोमांचक नजारे वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। जहां बाघिन और शावक की तस्वीर सरिस्का में वन्यजीवों के कुनबे के बढ़ने की उम्मीद जगाती है, वहीं बाघ और भैंस का आमना-सामना जंगल के रोमांचक और अप्रत्याशित पलों को दिखाता है।

शावक के साथ बाघिन की वीडियो आई सामने

दरअसल, पहले वीडियो में बाघिन अपने शावक के साथ वाटर पॉइंट के आसपास बैठी नजर आ रही है। दोनों कुछ देर तक आराम करते दिखाई दिए। शावक अपनी मां के बेहद करीब रहा। जंगल के प्राकृतिक वातावरण के बीच बाघिन और शावक का यह खूबसूरत दृश्य पर्यटकों के कैमरे में कैद हो गया। एक साथ बाघिन और शावक को देखकर पर्यटकों में भी उत्साह का माहौल नजर आया। सरिस्का में शावक की मौजूदगी टाइगर रिजर्व में बाघों के कुनबे के बढ़ने की उम्मीदों को भी मजबूत करती है।

आमने सामने आए गए बाघ और भैंस

वहीं, दूसरे वीडियो में जंगल के अंदर बाघ और भैंस कुछ दूरी पर आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं। दोनों के एक-दूसरे के बेहद करीब होने से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण नजर आया। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बाघ की नजर सामने खड़ी भैंस पर पड़ती है। बाघ कुछ देर तक भैंस की तरफ देखता रहा और गुर्राता हुआ नजर आया। इसके बावजूद भैंस अपनी जगह से पीछे नहीं हटी। कुछ क्षण बाद बाघ झाड़ियों की ओर चला गया, जबकि भैंस भी बिना घबराए आगे जंगल की तरफ बढ़ गई। इस दौरान दोनों के बीच किसी तरह का हमला नहीं हुआ। पूरा घटनाक्रम ऐसा नजर आया मानो जंगल में बाघ और भैंस के बीच आमने-सामने की जंग की स्थिति बन गई हो, लेकिन दोनों ही बिना किसी टकराव के अलग-अलग दिशा में चले गए। (इनपुट- नेहा गौड़)

यह भी पढ़ें-

टैटू ने परिवार से मिलाया, 35 साल बाद परिजनों से मिली महिला; लेकिन पति से नहीं मिल सकी