उत्तर प्रदेश के कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा का किराया नहीं देने को लेकर महिला कांस्टेबल और चालक के बीच विवाद का वीडियो सामने आया है। आरोप है कि महिला कांस्टेबल और उनके साथ मौजूद एक अन्य पुलिसकर्मी ई-रिक्शा से चमनगंज थाने के पास पहुंचीं और उतरने के बाद चालक को किराया नहीं दिया। चालक ने जब किराए की मांग की तो दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। मामले का वीडियो ई-रिक्शा चालक ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस कमिश्नर ने सीसामऊ एसीपी को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। महिला कांस्टेबल की पहचान पुष्पा देवी के रूप में हुई है, जो चमनगंज थाने में तैनात हैं।
किराया मांगा तो कांस्टेबल ने क्या कहा?
बताया जा रहा है कि सोमवार रात महिला कांस्टेबल पुष्पा और उनके साथ एक अन्य महिला पुलिसकर्मी ई-रिक्शा से चमनगंज थाना क्षेत्र में पहुंचीं। चालक का कहना है कि दोनों के उतरने के बाद उन्होंने किराया नहीं दिया। जब उसने पैसे मांगे तो महिला कांस्टेबल से उसकी बहस हो गई, वीडियो में महिला कांस्टेबल चालक से थाने चलने की बात कहती नजर आती हैं। उनका कहना था कि थाने पहुंचने के बाद किराया दे दिया जाएगा। इस पर चालक ने थाने जाने से इनकार कर दिया।
ड्राइवर बोला- 10 रुपए के लिए थाने कौन जाएगा
चालक ने महिला कांस्टेबल से कहा कि अगर वह 10 रुपये के किराए के लिए थाने जाएगा तो उसे परेशानी हो सकती है। उसने सवाल उठाया कि इतनी छोटी रकम के लिए वह थाने के चक्कर क्यों लगाए। चालक ने यह भी कहा कि दो लोगों के बैठने का किराया बनता है और उसे भुगतान किया जाना चाहिए। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों को ई-रिक्शे में बैठाने को लेकर अपनी नाराजगी भी जाहिर की। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इसी कारण पुलिसवालों को बैठाना नहीं चाहते- चालक
उत्तर प्रदेश के कानपुर से वायरल हो रहे वीडियो में चालक यह कहते हुए भी सुनाई देता है कि पुलिसकर्मियों को ई-रिक्शे में बैठाने से चालक अक्सर बचते हैं। उसका आरोप था कि किराया मांगने के बाद भी उसे थाने जाने के लिए कहा जा रहा है। विवाद बढ़ने पर चालक ने पुलिसकर्मियों से ई-रिक्शे से उतरने को कहा। वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस कमिश्नर ने सीसामऊ एसीपी को जांच सौंपी है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक, पूरे मामले की जांच सीसामऊ एसीपी कर रहे हैं। जांच में महिला कांस्टेबल की गलती सामने आने पर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान वीडियो और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों को देखा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। (रिपोर्ट: अनुराग श्रीवास्तव)
ये भी पढ़ें- 'यूके मा रिक्शा आवी गई छे', लंदन की सड़कों पर दिखा ऑटो; आनंद महिन्द्रा ने शेयर किया VIDEO
गुजरात के विधायक ने बंगला धोने के लिए बुला ली फायर ब्रिगेड, VIDEO वायरल; दुरुपयोग को लेकर छिड़ी बहस