1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. यूपी: चर्चा में कानपुर के बाबा मुफ्ती आलम, उंगली के इशारों पर नचाते हैं भूत-प्रेत, आत्माओं की लगाते हैं अदालत

यूपी: चर्चा में कानपुर के बाबा मुफ्ती आलम, उंगली के इशारों पर नचाते हैं भूत-प्रेत, आत्माओं की लगाते हैं अदालत

यूपी के कानपुर में एक बाबा मुफ्ती आलम चर्चा में हैं। उनका दावा है कि वह लोगों को भूत-प्रेत और नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति दिलाते हैं।

Baba Mufti Alam- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बाबा मुफ्ती आलम

कानपुर: यूपी के कानपुर में एक ऐसे बाबा का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह लोगों को नकारात्मक शक्तियों से निजात दिलाते हुए दिख रहे हैं। बाबा का नाम मुफ्ती आलम है और उनका दावा है कि उनके पास हर समस्या का हल है। बाबा का दावा है कि भूत प्रेत तो उनकी उंगली के इशारों पर नाचते हैं और उनके यहां आत्माओं की अदालत लगती है।

कौन हैं बाबा मुफ्ती आलम?

बाबा मुफ्ती आलम की उम्र महज 28 साल है और वह कानपुर नगर के मकनपुर के निवासी हैं। उनका दावा है कि वह लोगों को प्रेतात्माओं से छुटकारा दिलाते हैं और कभी-कभी प्रेतात्माएं उनसे आकर बातें भी करती हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक,  मदरसे से शिक्षा हासिल करते वक्त बाबा की आर्थिक स्थिति खास नहीं थी लेकिन देखते ही देखते बाबा इतना फेमस हो गए कि उन्होंने एक आलीशान मदरसा बना दिया और यहां प्रेतात्माओं के लिए एक महंगा ऑफिस भी तैयार कर लिया।

बाबा को लेकर उठ रहे तमाम सवाल

एक तरफ बाबा लोगों को नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति दिलाने का दावा करते हैं, वहीं दूसरी तरफ लोग उनके ऊपर सवाल भी उठा रहे हैं। सवाल ये भी है कि एक समय में खुद समस्याओं से जूझ रहे बाबा आलम अचानक करोड़पति कैसे बन गए।

बाबा आलम के पास लाखों रुपए कहां से आते हैं, ये तो जांच के बाद ही पता चलेगा लेकिन देश से लेकर विदेश तक इनके फॉलोअर हैं। इनके धार्मिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी लाखों की संख्या में उनके फॉलोअर्स हैं।

जानकार मानते हैं कि पहले भी इस तरह के तमाम बाबा सामने आए हैं, जो लोगों को नकारात्मक ऊर्जा से मुक्त कराने का दावा करते हैं। इन दावों में कितनी सच्चाई है, ये तो जांच का विषय है। इसलिए अगर आप किसी भी समस्या से पीड़ित हैं तो डॉक्टर के पास जाएं और अंधविश्वास से बचें। (इनपुट: कानपुर से ज्ञानेंद्र शुक्ला)