संभल: होली के त्योहार पर जहां आम लोग रंगों में सराबोर दिखे, वहीं संभल की पुलिस लाइन में वर्दीधारियों का अलग रंग देखने को मिला। जिले के एसपी आईपीएस कृष्ण कुमार विश्नोई ने पुलिसकर्मियों के साथ होली मिलन समारोह में जमकर रंग-गुलाल उड़ाया और भोजपुरी व फिल्मी गीतों पर खुलकर डांस किया। उनका यह मस्ती भरा अंदाज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल संभल जिले में आमजनों की होली सकुशल संपन्न कराने के बाद पुलिसकर्मी भी अपने अंदाज में त्योहार का जश्न मनाते नजर आए। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जैसे ही संगीत की धुन गूंजी, माहौल पूरी तरह उत्सव में बदल गया। खास बात यह रही कि एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई, सिर पर कैप पहनकर समारोह में पहुंचे। जिसने उनके अंदाज को और भी दिलचस्प बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी का चर्चित गीत, "गुलाब जईसन खिलल बाडू" और फिल्मी गानों की धुन बजते ही एसपी खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ कदम से कदम मिलाकर डांस किया। रंगों की बौछार और गुलाल के बीच वर्दीधारी भी जमकर थिरकते नजर आए।
इस मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भी रंग उड़ाकर एसपी का उत्साह बढ़ाया। देखते ही देखते पूरा परिसर रंग-गुलाल और संगीत की मस्ती से भर गया। पुलिस लाइन में मौजूद जवानों और अधिकारियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
होली मिलन समारोह में एएसपी कुलदीप सिंह और सीओ कुलदीप सिंह समेत कई अधिकारी व पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और मस्ती भरे माहौल में त्योहार का भरपूर आनंद लिया।
एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का यह अनोखा और बेफिक्र अंदाज अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। जिसे लोग खूब पंसद कर रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते साल भी एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई का वीडियो सामने आया था, जिसमें उन्होंने होली पर जमकर डांस किया था। (इनपुट: संभल से रोहित व्यास)
यह भी पढ़ें-