1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. जज के घर पर वाशिंग मशीन में छिपा था कोबरा, मिस्त्री ने खोली मशीन तो मचा हड़कंप, देखें Video

जज के घर पर वाशिंग मशीन में छिपा था कोबरा, मिस्त्री ने खोली मशीन तो मचा हड़कंप, देखें Video

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में जिला जज के घर पर वाशिंग मशीन में कोबरा सांप निकल आया। जब मिस्त्री ने मशीन को खोला तो उसमें सांप को देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

kobra snake in washing macine up sultanpur- India TV Hindi
Image Source : PTI वाशिंग मशीन में मिला सांप।

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक हैरान करने और डरा देने वाला मामला सामने आया है। सुल्तानपुर में जिला जज के आवास पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वाशिंग मशीन के अंदर जहरीला कोबरा सांप फंसा मिला। मामला सुबह करीब साढ़े 11 बजे का है। बताया जा रहा है कि वाशिंग मशीन पिछले दो दिनों से खराब थी और चल नहीं रही थी। गुरुवार को जज के आवास पर काम करने वाले एक कर्मचारी ने जब मशीन चलाने की कोशिश की, तो उसे वाशिंग मशीन से सांप की पूंछ दिखाई दी।

मौके पर अफरा-तफरी मची

जिला जज के आवास पर वाशिंग मशीन के भीतर सांप नजर आते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद परिजनों को घर से बाहर निकाल दिया गया। फिर मामले की सूचना वन विभाग को दी गई। इसके बाद सर्प रेस्क्यू विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। वाशिंग मशीन को खोलने के लिए मिस्त्री बुलाया गया। मिस्त्री ने मशीन के अलग-अलग हिस्से खोले, जिसके बाद अंदर फंसा कोबरा दिखाई दिया। इस पूरी घटना की वीडियो भी सामने आया है।

सांप को वाशिंग मशीन से बाहर निकाला गया

सर्प रेस्क्यू टीम ने वाशिंग मशीन के अंदर से सावधानी से सांप को बाहर निकाला और उसे ले जाकर सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया। बता दें कि इस पूरी घटना के समय जिला जज आवास पर मौजूद नहीं थे। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद परिवार और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। इस घटना ने आस-पास में सनसनी फैला दी है और लोगों के मन में डर भर दिया है।

ट्रेन के एसी कोच में भी मिला था सांप

बता दें कि इससे पहले बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से भी एक हैरान करने वाला मामला सामने आया था। यहां जयनगर से नई दिल्ली जा रही 12561 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस ट्रेन के AC कोच में सांप निकल आया था। कोच में सांप दिखाई देने के बाद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई थी। रेलवे की टीम ने संबंधित एसी कोच की तलाशी ली। करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद कोच के भीतर सांप का कोई पता नहीं चल सका। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने मुजफ्फरपुर स्टेशन पर A-2 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया और उसकी जगह दूसरा कोच जोड़ा गया। कोच बदलने के बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना किया गया। (रिपोर्ट: जागृति श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें- रील बनाने पर पति ने डांटा, मगर महिला की फर्राटेदार अंग्रेजी की प्रियंका चोपड़ा हुईं फैन; अब Video हुआ वायरल

'मुंह​ में चॉकबोर्ड जैसा लगा...' मेघालय की पारंपरिक मिट्टी चखने के बाद विदेशी महिला का रिएक्शन वायरल