इस देश में मिला दुनिया का सबसे लंबा सांप, VIDEO देखकर आपके भी उड़ जाएंगे होश
World Longest Wild Snake: सुलावेसी द्वीप में मिली मादा रेटिकुलेटेड पाइथन ‘इबु बारोन’ को दुनिया का सबसे लंबा जंगली सांप घोषित किया गया है। इसकी लंबाई 7.22 मीटर और वजन 96.5 किलो है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इस रिकॉर्ड की आधिकारिक पुष्टि की है।
World Longest Wild Snake: इंडोनेशिया के सुलावेसी द्वीप के मारोस इलाके में एक बहुत बड़ा रेटिकुलेटेड पाइथन मिला है, जिसे दुनिया का सबसे लंबा जंगली सांप माना जा रहा है। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि इस मादा सांप की लंबाई सिर से पूंछ तक 7.22 मीटर यानी करीब 23 फीट 8 इंच है। इस सांप की लंबाई 18 जनवरी 2026 को मापी गई थी और तभी से यह वन्यजीव प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय है। इस सांप को 'इबु बारोन' नाम दिया गया है, जिसका मतलब है 'द बैरोनेस', और यह नाम वाकई में इसकी पर्सनैलिटी से मैच करता है।
कैसे मिला दुनिया का सबसे लंबा जंगली सांप?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्थानीय लोगों ने एक बहुत बडे़ सांप के बारे में अफवाहें सुनीं, तो वन्यजीव गाइड और लाइसेंस्ड स्नेक हैंडलर डियाज़ नुग्राहा और नैचुरल हिस्ट्री फोटोग्राफर राडु फ्रेंटियु ने इसे देखने के लिए सुलावेसी की यात्रा की। उन्होंने इस सांप की लंबाई कई बार नापी ताकि कोई गलती न हो। इसे एक बड़े कैनवस के थैले में रखकर तौला गया, जिसमें इसका वजन 96.5 किलोग्राम निकला। यह वजन एक पूरी तरह से विकसित जाइंट पांडा के बराबर है! ध्यान देने वाली बात यह है कि सांप ने हाल में कोई बड़ा शिकार नहीं खाया था, वरना इसका वजन 100 किलोग्राम से भी ज्यादा हो जाता। इसे तौलने के लिए चावल के बोरे तौलने वाली तराजू का इस्तेमाल किया गया था।
रेटिकुलेटेड पाइथन की लंबाई कितनी होती है?
रेटिकुलेटेड पाइथन आमतौर पर वयस्क होने पर 9 फीट 10 इंच से लेकर 19 फीट 2 इंच तक लंबे होते हैं। लेकिन 'इबु बारोन' इससे कहीं ज्यादा बड़ी है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर सांप को एनेस्थीसिया यानी कि बेहोश करने की दवा देकर नापा जाए, जब उसका शरीर पूरी तरह रिलैक्स हो जाता है, तो यह कम से कम 10 पर्सेंट और ज्यादा लंबी हो सकती है। यानी कि असल में इसकी लंबाई करीब 7.9 मीटर या 26 फीट तक हो सकती है। लेकिन गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स का मानना है कि एनेस्थीसिया में जोखिम ज्यादा होता है, इसलिए इसे सिर्फ जरूरी मेडिकल कार्रवाई या सुरक्षा के लिए ही इस्तेमाल करना चाहिए। यही वजह है कि इसकी असली लंबाई को टेस्ट नहीं किया गया।
फिलहाल कहां है दुनिया का सबसे लंबा सांप?
'इबु बारोन' नाम की इस मादा सांप को अब स्थानीय कंजर्वेशनिस्ट बुदी पुरवांतो की देखभाल में रखा गया है। बुदी पुरवांतो ने हाल के सालों में सुलावेसी में कई सांपों को बचाया है और अपने यहां एक तरह का स्नेक सैंक्चुअरी बनाई है। पुरवांतो की सैंक्चुअरी में सांप सुरक्षित रहते हैं और आसपास के लोगों को भी कोई खतरा नहीं होता। डियाज़ नुग्राहा और राडु फ्रेंटियु ने अपनी इस खोज को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की ताकि इस शानदार जीव और उसके जैसे अन्य सांपों की सुरक्षा हो सके। उनका कहना है कि इससे लोगों का ध्यान जंगली जीवन की रक्षा की ओर जाएगा।
