1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. जन्मदिन के जश्न के बीच अभिषेक बनर्जी के घर पर बवाल, बोले- 6 महीने में 7 बार हुआ हमला, दिलीप घोष ने कहा- 'लोगों को कर रहे गुमराह'

जन्मदिन के जश्न के बीच अभिषेक बनर्जी के घर पर बवाल, बोले- 6 महीने में 7 बार हुआ हमला, दिलीप घोष ने कहा- 'लोगों को कर रहे गुमराह'

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि पिछले छह महीनों में उनकी जान लेने की सातवीं कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उनके कोलकाता स्थित आवास पर हमला किया।

अभिषेक बनर्जी - India TV Hindi
Image Source : ANI/ X -- @ABHISHEKAITC अभिषेक बनर्जी

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के सांसद और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने अपने कोलकाता स्थित आवास पर हमले का आरोप लगाया है। इस घटना के लिए उन्होंने  बीजेपी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। अभिषेक बनर्जी का दावा है कि पिछले छह महीनों में उनकी जान लेने की यह सातवीं कोशिश है। उन्होंने शनिवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना से जुड़े कई वीडियो साझा किए और पुलिस तथा प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। वहीं बीजेपी का इस घटना पर रिएक्शन सामने आया है। बीजेपी नेता दिलीप घोष ने कहा कि अभिषेक बनर्जी लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

दरअसल, सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन की रात साउथ कोलकाता के 121, कालीघाट स्थित घर के सामने तृणमूल और भाजपा समर्थकों में झड़प हो गई। आरोप है कि रात करीब 2.30 बजे कुछ बीजेपी  ने चोर-चोर के नारे लगाए और अभिषेक के कटआउट-बैनर तोड़ दिए। रोकने पर दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई, कई तृणमूल समर्थक घायल हुए।

Image Source : Xअभिषेक बनर्जी ट्वीट

बाद में अभिषेक बनर्जी अपने घर के नीचे उतर आए। फिर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने गाय चोर के नारे लगाए। पुलिस के सामने दोनों पक्षों ने आमने-सामने नारेबाजी की। रात 2.45 से सुबह 6 बजे तक अभिषेक बाहर ही बैठे रहे। 

दिलीप घोष ने अभिषेक के आरोप को खारिज किया

वहीं  पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता दिलीप घोष ने आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभिषेक बनर्जी को मारने का समय किसके पास है? दिलीप घोष ने कहा, "यह पहली बार है जब हमने किसी नेता का जन्मदिन फुटपाथ पर मनाया है। अगर कोई हंगामा करता है, तो गुस्सा तो आएगा ही। इसके अलावा, अभिषेक बनर्जी को मारने का समय किसके पास है? उनके पास कहने या करने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए वे इस मुद्दे को उठाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं..."

अभिषेक ने पुलिस पर जासूसी का आरोप लगाया

वहीं अभिषेक बनर्जी  ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल पुलिस पर उनके ऑफिस और घर के आसपास जासूसी करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि कुछ अनजान लोग पिछले कुछ दिनों से उनके ऑफिस और घर की टोह ले रहे हैं, और जब उनसे पूछा गया, तो उन्होंने खुद को पुलिस वाला बताया। उन्होंने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला और केंद्रीय गृह मंत्रालय से मामले का संज्ञान लेने को कहा, और लोगों की पहचान पता लगाने के लिए तुरंत और पूरी जांच की मांग की।

अभिषेक ने कहा, "आज सुबह जब मैंने रेकी वीडियो जारी किया, उसके ठीक बाद, रात के 2 बजे BJP के गुंडों ने मेरे घर पर हमला किया, ठीक कोलकाता पुलिस की निगरानी में। कलकत्ता हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का शुक्रिया कि वे यह सब होते हुए भी चुपचाप देखते रहे।"

बता दें कि अभिषेक बनर्जी पर मई में भी हमला हुआ था, जब वह सोनारपुर गए थे। उन पर अंडों और पत्थरों से हमला किया गया था। उन्होंने इसे पहले से प्लान किया गया हमला बताया था। तब से अभिषेक बनर्जी यह आरोप लगाते रहे हैं कि बीजेपी की अगुवाई वाली राज्य सरकार की ओर से उनपर हमले कराए जा रहे हैं।

बता दें कि हाल में पश्चिम बंगाल के ट्रांसपोर्ट मिनिस्टर अर्जुन सिंह ने दावा किया था कि एक WhatsApp ग्रुप बनाया गया है, जिसमें लगभग 150 ज्यादा लोग हैं। उनमें से ज्यादातर जिहादी हैं। वे पेशेवर हैं और उनके लिए एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया गया है। उस ग्रुप पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सभी मूवमेंट को ट्रैक कर रहे हैं। ट्रैक करके एक-एक जगह, कौन कहां और कैसे जा रहा है, उसकी वीडियोग्राफी करना, उसकी फोटोग्राफी करना, सबकुछ करके, वे किसी जगह एक स्टोर कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें:
पश्चिम बंगाल में सनसनीखेज वारदात: रील के चक्कर में युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, 3 गिरफ्तार और 2 नाबालिग पकड़े गए