1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. दुर्गापुर में तृणमूल कार्यकर्ताओं के घरों पर ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप, CCTV फुटेज से सनसनी; BJP ने बताया आपसी कलह

दुर्गापुर में तृणमूल कार्यकर्ताओं के घरों पर ईंट-पत्थर फेंकने का आरोप, CCTV फुटेज से सनसनी; BJP ने बताया आपसी कलह

दुर्गापुर के नोतुन पल्ली में टीएमसी कार्यकर्ताओं के घरों पर पथराव और तोड़फोड़। सीसीटीवी फुटेज से सनसनी। बीजेपी प्रवक्ता ने इसे तृणमूल का अंदरूनी गुटीय झगड़ा बताया है।

Bengal News - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT तृणमूल कार्यकर्ताओं के घरों पर पथराव का आरोप

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर शहर के नोतुन पल्ली इलाके में तृणमूल कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं के घरों पर रात के अंधेरे में ईंट-पत्थर फेंकने और तोड़फोड़ करने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस हमले के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी पहले ही सामने आ चुका है, जिसमें पूरी वारदात कैद हुई है। स्थानीय लोगों और राजनीतिक दलों के बयानों के बाद इस घटना ने तूल पकड़ लिया है।

लाल कार से आए थे हमलावर, स्थानीय लोगों ने बयां किया दर्द

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार देर रात एक लाल रंग की चार पहिया गाड़ी में सवार होकर तीन संदिग्ध युवक नोतुन पल्ली इलाके में पहुंचे। आरोप है कि ये युवक गाड़ी से उतरे और तृणमूल कार्यकर्ताओं के घरों पर ताबड़तोड़ करने लगे इन युवकों ने तृणमूल कार्यकर्ताओं के घर पर ईंट-पत्थर बरसाए। इसके साथ ही घरों के बाहर खड़े होकर उन्होंने जमकर गाली-गलौज भी की, जिससे रात में सो रहे लोगों की नींद उड़ गई।

स्थानीय निवासी और टीएमसी कार्यकर्ता संजय रॉय ने आरोप लगाया, 'ये लोग पहले कभी पार्टी में नहीं थे, लेकिन कुछ समय पहले राजनीतिक बदलाव के तहत जुड़े थे। हमें समझ नहीं आ रहा कि वे हमसे क्यों खफा हैं। शायद हम पर यह हमला सिर्फ इसलिए किया जा रहा है क्योंकि हम तृणमूल से जुड़े हैं। हमने इस पूरी घटना की लिखित शिकायत पुलिस को दे दी है।'

BJP बोली- यह तृणमूल का गुटीय संघर्ष है

इस पूरी घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। जिला बीजेपी प्रवक्ता सुमंत मंडल ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस प्रकार की हिंसा या गंदी राजनीति का समर्थन नहीं करती है। उन्होंने दावा किया कि यह हमला बीजेपी से जुड़ा हुआ नहीं है, बल्कि यह तृणमूल कांग्रेस के भीतर चल रहे गुटीय झगड़े और आपसी रंजिश का परिणाम है।

सुमंत मंडल ने आगे कहा कि तृणमूल के लोग पहले से ही गुटबाजी में उलझे हुए हैं और अब मौका पाकर वे खुद ही एक-दूसरे को निशाना बना रहे हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि पुलिस को उन सभी उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए जो दुर्गापुर की शांति को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल बंगाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

(Input- Anirban)

ये भी पढ़ें-

अंधविश्वास का खौफनाक अंत! तांत्रिक के चक्कर में बेटे ने की पिता और पत्नी की निर्मम हत्या, मंदिर में काटा