1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. अमित शाह ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना, सीमा की सुरक्षा के लिए जमीन न देने का आरोप; TMC ने दिया जवाब

अमित शाह ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना, सीमा की सुरक्षा के लिए जमीन न देने का आरोप; TMC ने दिया जवाब

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिलीगुड़ी में ममता बनर्जी पर निशाना साधा। इस मौके पर उन्होंने सीमा की सुरक्षा के लिए जरुरी फेंसिंग के लिए ममता बनर्जी पर जमीन न देने का आरोप लगाया। हालांकि टीएमसी के नेताओं ने भी इस बयान पर पलटवार किया।

अमित शाह ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना।- India TV Hindi
Image Source : X/AMITSHAH अमित शाह ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में थे। अमित शाह ने यहां आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी दो समीक्षा बैठकें कीं। इन समीक्षा बैठकों में सीएम शुभेन्दु अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने यहां SSB और BSF के कई प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखी। सिलीगुड़ी में 80 एकड़ में SSB का कैंपस बनेगा। एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए ज़रूरी 900 एकड़ ज़मीन सौंपने के लिए सुवेंदु अधिकारी सरकार की तारीफ की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 2014 से ही ममता बनर्जी सरकार से इस तरह के सहयोग की उम्मीद कर रही थी।

अमित शाह ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना

इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि बांग्लादेश की सीमा पर जल्दी ही फेंसिग का काम पूरा हो जाएगा, क्योंकि बंगाल सरकार से जमीन मिल चुकी है और काम भी शुरू हो गया है। अमित शाह ने कहा कि ये सब बंगाल में सरकार बदलने का असर है। वो पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सामने रिक्वेस्ट करते रहे, लेकिन न ममता ने जमीन दी और न कभी SSB के प्रोग्राम में आईं। अमित शाह ने कहा कि अब शुभेन्दु अधिकारी की सरकार है तो जमीन के लिए केन्द्र सरकार की चिट्ठी बाद में पहुंचती है और जमीन पहले मिल जाती है। अमित शाह का यह दौरा इसलिए अहम है क्योंकि यह शहर नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की सीमाओं के पास रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जगह पर स्थित है और यहां सिलीगुड़ी कॉरिडोर भी है, जिसे आम तौर पर "चिकन नेक" कहा जाता है और जो पूर्वोत्तर राज्यों को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है।

कुणाल घोष ने आरोपों को बताया गलत

हालांकि ममता बनर्जी की पार्टी के नेताओं ने अमित शाह के आरोप को गलत बताया। कुणाल घोष ने कहा कि घुसपैठ रोकना होम मिनिस्टर की जिम्मेदारी है। अपनी नाकामी छुपाने के लिए अमित शाह ममता बनर्जी पर बेवजह आरोप लगा रहे हैं। कुणाल घोष ने कहा कि ममता बनर्जी ने BSF को जमीन दी थी। टेक्निकल इश्यूज के कारण थोड़ी बहुत जमीन पर विवाद था, इस पर राजनीति करना ठीक नहीं है।

मदन मित्रा ने भी साधा निशाना

टीएमसी लीडर मदन मित्रा ने भी अमित शाह के बयान पर रिएक्ट किया। मदन मित्रा ने कहा कि बीजेपी के बड़े-बड़े नेता आते हैं। पहले दावे करते हैं, फिर दावे पूरा हो जाने की बात कहकर चले जाते हैं, लेकिन सच्चाई ये है कि बीजेपी काम कम करती है और प्रचार ज्यादा करती है।

नौशाद सिद्दीकी ने जमीन विवाद को बताया पुराना मामला

वहीं अमित शाह के बयान पर इंडियन सेक्युलर फ्रंट के MLA नौशाद सिद्दीकी ने का भी बयान सामने आया है। नौशाद सिद्दीकी ने कहा कि BSF को जमीन देने को लेकर सेंट्रल और स्टेट की लड़ाई पुरानी है। इसके लिए ब्लेम गेम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जितनी तेजी इस मामले में दिखाई है, उतनी ही तेजी बंगाल के दूसरे इश्यूज पर भी दिखाए तो बेहतर होगा।

पहले से ज्यादा सुरक्षित भारत की सीमा

हालांकि ममता बनर्जी ने BSF को जमीन देने से इनकार कर दिया था। उन्हें अमित शाह की हर बात में षड़यंत्र नजर आता था, डर लगता था। मामला सिक्योरिटी से जुड़ा था, तो भी ममता ने टेक्निकल इश्यू का अड़ंगा लगा दिया था। उन्हें लगता था कि BSF को जमीन दी तो कहीं कोई खेला ना हो जाए। अब शुभेंदु अधिकारी प्रो एक्टिव हैं। भारत की सीमाएं अब पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं।

यह भी पढ़ें-

संभल में 36 घरों और दुकानों को नोटिस भेजने की तैयारी में प्रशासन, शाही जामा मस्जिद के पास हुआ है गलत निर्माण