तामुलिक: असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पूरे राज्य में "गुंडों और आतंक का राज" है और दावा किया कि 4 मई के बाद स्थिति बदल जाएगी। तामुलिक में एक सभा को संबोधित करते हुए सरमा ने कहा कि हम गुंडों और अपराधियों से कहेंगे कि वे पुलिस स्टेशन आएं और सरेंडर कर दें। 4 मई के बाद, उन्हें बचाने वाला कोई नहीं होगा।
असम के सीएम ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर महिलाओं का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "ममता दीदी ने महिला आरक्षण बिल को हरा कर सभी माताओं और बहनों का अपमान किया है। उन्होंने आगे कहा, "देश की महिलाएं इस बात से नाराज़ हैं कि ममता बनर्जी, जो खुद एक महिला मुख्यमंत्री हैं, उन्होंने संसद में क्या किया।
SIR को लेकर ममता बनर्जी पर साथा निशाना
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, "जिन लोगों के नाम SIR से हटाए गए हैं, क्या वे सड़कों पर उतरे हैं? जो लोग आपत्ति जता रहे हैं, वे विरोध नहीं कर रहे हैं, जबकि ममता बनर्जी कर रही हैं। SIR का विरोध बांग्लादेश में होना चाहिए, न कि पश्चिम बंगाल में..."। सरमा की ये टिप्पणियां राज्य में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच आई हैं, जहां चुनाव से पहले नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
इससे पहले सोमवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दावा किया कि पूरे पश्चिम बंगाल में बीजेपी की लहर" चल रही है और कहा कि "अब तृणमूल कांग्रेस (TMC) को सत्ता से बेदखल करने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल के लोग भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ सड़कों पर उतर आए हैं।
23 और 29 अप्रैल को होंगे चुनाव
बता दें कि पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे और वोटों की गिनती 4 मई को होगी। पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 148 सीटों पर तय है। 2021 के विधानसभा चुनावों में टीएमसी ने शानदार जीत हासिल की।