Bhabanipur Election Result 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आ चुके हैं और बीजेपी ने राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज की है। राज्य में मतदान 2 चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को कराया गया था। एक बार फिर भवानीपुर विधानसभा सीट पर पूरे राज्य की नजर बनी हुई थी क्योंकि यहां से सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद चुनाव मैदान में थीं और उनके सामने बीजेपी के कद्दावर नेता सुवेंदु अधिकारी ताल ठोक रहे थे। कई राउंड तक आगे-पीछे रहने के बाद आखिरकार सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को पटखनी दे दी।
भवानीपुर सीट पर कौन-कौन हैं उम्मीदवार?
भवानीपुर विधानसभा सीट पर इस बार मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच था। ममता बनर्जी और सुवेंदु अधिकारी के बीच इस सीट पर कांटे की टक्कर की उम्मीद जताई जा रही थी। 2021 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की शानदार जीत के बावजूद ममता बनर्जी नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी के हाथों चुनाव हार गई थीं, जिसके बाद उन्होंने भवानीपुर सीट से उपचुनाव लड़ा था। इस उपचुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल को रिकॉर्ड अंतर से हराया था।
कब हुई थी वोटिंग?
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों में रिकॉर्ड वोटिंग हुई थी। भवानीपुर विधानसभा सीट पर मतदान पश्चिम बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में 29 अप्रैल 2026 को कराया गया था। इस सीट पर 86.74 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।