1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. बीरभूम में बीजेपी नेता की पॉइंट-ब्लैंक रेंज से गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया राजनीतिक रंजिश का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

बीरभूम में बीजेपी नेता की पॉइंट-ब्लैंक रेंज से गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया राजनीतिक रंजिश का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

बीरभूम के बोलपुर में बीजेपी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई है। मृतक की पहचान चंदन भल्ला (उम्र लगभग 42 साल) के रूप में हुई है, जो बोलपुर के वार्ड नंबर 11 के बूथ नंबर 201 के BJP अध्यक्ष थे।

बीजेपी बूथ अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बीजेपी बूथ अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के बोलपुर में गोलीबारी की घटना से इलाके में तनाव फैल गया है। यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) बूथ अध्यक्ष की अज्ञात हमलावरों ने पॉइंट-ब्लैंक रेंज से सिर में गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश का नतीजा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना के पीछे कोई और मकसद तो नहीं था। मृतक की पहचान चंदन भल्ला (उम्र लगभग 42 साल) के रूप में हुई है जो बोलपुर के वार्ड नंबर 11 के बूथ नंबर 201 के बीजेपी अध्यक्ष थे।

फोन करके बुलाया और सिर में मार दी गोली

मृतक चंदन भल्ला के परिजनों के अनुसार, रविवार शाम चंदन को फोन करके बुलाया गया था। आरोप है कि वार्ड नंबर 12 के त्रिशूलापट्टी इलाके में बदमाशों ने उसे रविवार शाम करीब 7:30 बजे रोक लिया। हमलावरों ने कथित तौर पर पॉइंट-ब्लैंक रेंज से उसके सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनते ही आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। चंदन सड़क पर खून से लथपथ पड़े हुए थे। आनन-फानन में उन्हें तुरंत बोलपुर सब-डिविजनल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राजनीतिक रंजिश या कोई और वजह? जांच में जुटी पुलिस

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के बाद मुंह पर कपड़ा बांधे दो अज्ञात युवक बाइक से तेजी से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चंदन भल्ला के बेटे शुभ्रकांति बल्ला ने बताया कि उनके पिता की किसी से व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं थी और राजनीतिक कारणों से उनकी हत्या की गई है। वहीं पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे कोई व्यक्तिगत विवाद या अन्य वजह तो नहीं थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।

न्यूटाउन में भी हुई थी BJP कार्यकर्ता की हत्या

गौरतलब है कि इसी साल मई में पश्चिम बंगाल के न्यूटाउन में BJP कार्यकर्ता की घेरकर हत्या कर दी गई थी। मधु मंडल नामक एक BJP कार्यकर्ता को बीजेपी को विजय मिलने के बाद अपने घर से कुछ किलोमीटर दूरी पर पार्टी का झंडा लगा रहे थे। तभी झंडा लगाने को लेकर TMC के कमल नाम के वर्कर के साथ उनकी कहासुनी हो गई थी। हालांकि, दोनों के बीच गरमा-गरमी के बाद केस खत्म हो गया था। लेकिन बाद में मधु मंडल को फोन करके फिर से उसी जगह पर बुलाया गया था। आरोप है कि टीएमसी के कुछ लोकल बदमाशों ने मधु मंडल को घेरा और उन पर पत्थरबाजी करना शुरू कर दिया था। बाद में बीजेपी कार्यकर्ता मधु मंडल को गंभीर हालत में हॉस्पिटल में ले जाया गया था, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। 

ये भी पढ़ें-

AI से अश्लील फोटो बनाकर मृत बच्चे की मां को धमकी, हुगली से पकड़ा गया शातिर आरोपी