A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल के इस इलाके में इंटरनेट सर्विस बंद, दो गुटों के बीच झड़प के बाद 21 लोग गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के इस इलाके में इंटरनेट सर्विस बंद, दो गुटों के बीच झड़प के बाद 21 लोग गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के सैंथिया इलाके में शांति भंग होने के बाद इंटरनेट सर्विस बंद कर दी गई है। दो गुटों के बीच झड़प के मामले में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

police- India TV Hindi
Image Source : PTI (प्रतिकात्मक तस्वीर) पश्चिम बंगाल के बीरभूम में तनाव

सूरी (पश्चिम बंगाल): पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में दो समूहों के बीच झड़प के सिलसिले में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह झड़प शुक्रवार शाम सैंथिया पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। एक आदेश के अनुसार, किसी भी तरह के अपराध को भड़काने से रोकने के लिए राज्य सरकार ने सैंथिया शहर और सैंथिया पुलिस थाना क्षेत्र के पांच अन्य निकटवर्ती पंचायत क्षेत्रों में 17 मार्च तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी हैं।

कुछ लोगों को मामूली चोट

एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में किया। उन्होंने कहा कि तब से क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण है। उन्होंने बताया कि हिंसा में दोनों समूहों के कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं और उन्हें चिकित्सा सहायता दी गई। अधिकारी ने बताया कि कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। 

कहासुनी के मारपीट और पथराव

बताया जाता है कि दो गुटों के बीच पहले कुछ कहासुनी हुई और फिर इसके बाद मारपीट होने लगी। एक गुट के लोग शराब के नशे में धुत थे जिसके चलते विवाद हुआ। दोनों गटों के बीच हाथापाई और मारपीट के बाद पथराव होने लगे। हालात बिगड़ते देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभालने की कोशिश की। एहतियातन 17 मार्च तक इनटरनेट सेवाएं सस्पेंड कर दी गई हैं। 

वॉइस कॉल और एसएमएस पर रोक नहीं

प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखने के लिए अस्थाई तौर पर संदेशों का प्रसारण नहीं किया जाएगा। हालांकि वॉइस कॉल और एसएमएस पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। बीरभूम जिले के सैंथिया, हटोरा पंचायत, मछालसा जीपी, हरिसरा जीपी, दरियापुर और फुलुर शामिल है। (इनपुट-भाषा)