1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. ममता बनर्जी पर हमले को लेकर बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल सख्त, कहा- राजनीतिक विरोध में मर्यादा नहीं टूटनी चाहिए

ममता बनर्जी पर हमले को लेकर बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल सख्त, कहा- राजनीतिक विरोध में मर्यादा नहीं टूटनी चाहिए

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर जूता, पत्थर और मिट्टी फेंके जाने को लेकर बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि किसी महिला के साथ इस तरह का व्यवहार बंगाल संस्कृति नहीं है।

बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर जूता, पत्थर और मिट्टी फेंके जाने को लेकर बीजेपी नेता और राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद और विरोध अपनी जगह हैं, लेकिन किसी महिला के साथ इस तरह का व्यवहार बंगाल की परंपरा और संस्कृति के अनुरूप नहीं है।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि ममता बनर्जी के बयानों या उनके राजनीतिक कामकाज को लेकर उनकी अपनी राय हो सकती है, लेकिन सार्वजनिक रूप से किसी पर जूता या पत्थर फेंकना और अपमानजनक नारे लगाना उचित नहीं है। उन्होंने ममता बनर्जी के शासनकाल को लेकर भ्रष्टाचार, चोरी और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार जैसे कई आरोप भी लगाए। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि किसी नेता के खिलाफ गंभीर राजनीतिक आरोप होने के बावजूद विरोध की एक सीमा और मर्यादा होनी चाहिए।

आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की घटना में महिला डॉक्टर की मौत की दूसरी बरसी के मौके पर हुई इस घटना को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि ममता बनर्जी मुख्यमंत्री रही हैं, लेकिन उससे भी पहले वह एक महिला हैं और किसी महिला के साथ इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

बीजेपी कार्यकर्ताओं को लेकर भी अग्निमित्रा पॉल ने स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि घटना में बीजेपी का कोई कार्यकर्ता शामिल है और वह पार्टी के भीतर अपनी छवि मजबूत करने या 'ब्राउनी पॉइंट्स' हासिल करने के लिए ऐसी हरकत कर रहा है, तो पार्टी इसे स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी और ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अग्निमित्रा पॉल ने कहा, 'हम कार्रवाई करेंगे और इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।'

बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद घटना नहीं देखी है और सुबह से व्यस्त होने के कारण उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं है। उनका कहना था कि घटना में शामिल व्यक्ति किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ा हो-टीएमसी, बीजेपी, 'न्यू बीजेपी' या कोई अन्य संगठन-राजनीतिक विरोध के नाम पर बंगाल की छवि खराब नहीं की जानी चाहिए। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि इस तरह की घटनाएं बंगाल की संस्कृति और बंगाली समाज की परंपरा का हिस्सा नहीं हैं।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ें-

CM शुभेंदु अधिकारी का बड़ा ऐलान, आरजी कर मेडिकल कॉलेज कांड की नए सिरे से होगी जांच