A
Hindi News पश्चिम बंगाल कोलकाता में बंद क्लब के कमरे में बम धमाका, मच गया हड़कंप

कोलकाता में बंद क्लब के कमरे में बम धमाका, मच गया हड़कंप

कोलकाता में एक जगह धमाका होने से हड़कंप मच गया। हालांकि इस घटना में किसी तरह की जनहानि की बात सामने नहीं आई है।

Kolkata - India TV Hindi Image Source : REPORTER INPUT 5 से 6 कच्चे बम भी बरामद

कोलकाता: कोलकाता में बंद क्लब के कमरे में बम धमाका हुआ है। हालांकि गनीमत ये रही जहां ये धमाका हुआ, वो जगह बंद पड़ी थी, इसलिए इस जगह पर कोई जनहानि नहीं हुई है।

क्या है पूरा मामला?

घटना कोलकाता के उत्तरी हिस्से के पाइकपारा इलाके की है। मामला शनिवार सुबह का बताया जा रहा है। यहां एक बंद पड़े क्लब के एक कमरे में बम विस्फोट हुआ है। 

पुलिस का कहना है कि क्लब में 2 से 3 कच्चे बम रखे थे, जो सुबह 6 बजे के आसपास फट गए। इसकी वजह से हड़कंप मच गया। धमाका इतनी जोर का था कि छत की टिन एक इमारत की पांचवी मंजिल पर जाकर गिरी।

पुलिस के मुताबिक, परिसर से पांच से 6 कच्चे बम भी बरामद किए गए हैं। इन्हें बम निरोधक दस्ते द्वारा निष्क्रिय किया गया है।

बम रखने के कारणों का अभी नहीं लगा पता

अभी तक इस बात का पता नहीं लग सका है कि इन बमों को क्यों रखा गया था और इन्हें कहां इस्तेमाल करने की योजना थी। शनिवार को सुबह जब तेज धमाका हुआ तो लोग अपने घरों से निकलकर बाहर आ गए। सभी इस बात से हैरान थे कि इस इलाके में बम धमाके की क्या वजह हो सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इन बमों को लोगों के बीच दहशत फैलाने के लिए रखा गया होगा क्योंकि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। वहीं इस मामले में टीएमसी से जुड़े लोगों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव होने वाले हैं। अभी तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है लेकिन जल्द ही इनका ऐलान हो सकता है। ऐसे में सभी पार्टियां वोटरों को लुभाने के लिए तरह-तरह की बातें कर रही हैं। अब देखना ये होगा कि जनता किस पार्टी पर अपने भरोसे की मुहर लगाती है। फिलहाल तो यहां मुख्य मुकाबला बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के बीच होने की बात कही जा रही है। ममता बनर्जी लंबे समय से राज्य की सत्ता पर काबिज हैं। देखने वाली बात ये होगी कि क्या इस चुनाव में भी वह अपनी सरकार बचाए रख पाएंगी या नहीं।