पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट में गुरुवार (21 मई) को री-पोलिंग है। वोटिंग से पहले विधानसभा क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। वोटिंग से पहले डिस्पर्सल सेंटर में अंतिम तैयारियां जोरों पर हैं।
बिना रुकावट के आगे बढ़ रहा काम
चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि मतदान कर्मी पूरी तरह से तैयार हैं। बूथ सेंटर में तैनाती का काम बिना किसी रुकावट के आगे बढ़ रहा है।
स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण होगा मतदान
मतदान प्रक्रिया का हर पहलू सुचारू रूप से चले, यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की व्यवस्था की गई है। यह सब कल होने वाले स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए किया जा रहा है।
अब एक तरफा हो सकती है बीजेपी की जीत
पश्चिम बंगाल के फलता विधानसभा क्षेत्र में 21 मई को री-पोलिंग से पहले मंगलवार को एक नाटकीय मोड़ के तहत तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव मैदान से पीछे हटने की घोषणा कर दी। उनके इस कदम से भारतीय जनता पार्टी (BJP) को फलता में एकतरफा जीत मिलने की संभावना है।
टीएमसी के चर्चित चेहरों में थे जहांगीर खान
टीएमसी के जहांगीर खान फालता में प्रचार अभियान के दौरान सबसे चर्चित चेहरों में एक थे। उन्होंने फिल्म 'पुष्पा' के मुख्य किरदार के इर्द-गिर्द अपनी छवि गढ़ने की कोशिश की थी और कई बार खुद को एक ऐसे व्यक्ति के रूप में पेश किया था, जो दबाव के आगे नहीं झुकेगा।
जहांगीर के हटने पर क्या बोली टीएमसी?
तृणमूल कांग्रेस ने खान के फैसले से दूरी बनाते हुए कहा कि फालता विधानसभा क्षेत्र में फिर से होने वाले चुनाव से पीछे हटना जहांगीर खान का निजी फैसला है, न कि पार्टी का है।
जानिए क्यों हो रही री-पोलिंग
बता दें कि फलता में 29 अप्रैल को हुए मतदान के दौरान कुछ बूथ पर ईवीएम पर इत्र, स्याही और चिपकने वाली टेप का इस्तेमाल किए जाने के आरोपों के बाद वहां पुनर्मतदान का आदेश दिया गया था।
ये भी पढ़ें:
Monsoon 2026: कब आएगा मानूसन? सामने आ गई तारीख, IMD ने बताया पूरा शेड्यूल, गर्मी से मिलने वाली है बड़ी राहत
केजरीवाल, सिसोदिया और दुर्गेश पाठक को चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने की मांग वाली PIL हाई कोर्ट से खारिज