1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'अब मौसम बदल गया है, गौमाता की रक्षा करेंगे और संतों का अपमान करनेवालों को जेल भेजेंगे', सीएम शुभेंदु अधिकारी ने किया ऐलान

'अब मौसम बदल गया है, गौमाता की रक्षा करेंगे और संतों का अपमान करनेवालों को जेल भेजेंगे', सीएम शुभेंदु अधिकारी ने किया ऐलान

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया कि अब राज्य का मौसम बदल गया है, यहां गौमाता की रक्षा होगी और संतों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी संतों का अपमान करेगा उसे सरकार जेल भेजेगी।

suvendu adhikari- India TV Hindi
Image Source : PTI शुभेंदु अधिकारी, सीएम, पश्चिम बंगाल

कोलकाता: ऐसा लगता है पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी राज्य में बड़ा बदलाव करने का बीड़ा उठा लिया है। उन्होंने रविवा को ऐलान किया कि राज्य के हालात अब बदल गए हैं। उनकी सरकार गौमाती की रक्षा करेगी और संतों का अपमान करनेवालों को जेल भेजेगी। शुभेंदु अधिकारी कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में बांगुर जागरण मंच की ओर से आयोजित सामूहिक भगवद्गीता पाठ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यकर्म में करीब 11 हजार लोगों ने एक साथ भगवद्गीता का पाठ किया।

बिना किसी झिझक के भगवद्गीता का पाठ करें

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि किसी धर्म का पालन करने या उसे बढ़ावा देने से डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ''बिना किसी झिझक के भगवद्गीता का पाठ करें और इसे बांटें, हनुमान चालीसा बांटें। हरे कृष्ण मंत्र का जाप करें, शंख बजाएं; डरने की कोई जरूरत नहीं है। मौसम बदल गया है।'' 

मुख्यमंत्री ने कहा, ''टीका, शिखा, धोती और तुलसी वाली सरकार आ गई है। 'गौमाता' की रक्षा करने वाली सरकार आ गई है।'' इस कार्यक्रम में 11,000 लोगों ने एक साथ भगवद्गीता का पाठ किया। शुभेंदु ने कहा कि उनकी सरकार ''साधु-संतों का अपमान करने वालों को जेल भेजेगी।'' 

विभाजनकारी ताकतों से अलर्ट रहने की अपील

उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ सतर्क रहने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट रहना होगा और ऐसी ताकतों से सावधान रहना होगा, जो देश की एकता और अखंडता के खिलाफ नारे लगाती हैं। उन्होंने विशेष रूप से ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सभी को एकजुट और सतर्क रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा, ''हम सभी को उन 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' के खिलाफ एकजुट और सतर्क रहना होगा, जो 'कश्मीर मांगे आजादी' के नारे लगाते हैं।''

मदरसों में भी वंदे मातरम का गायन अनिवार्य

इससे पहले शनिवार को सीएम शुभेंदु अधिकारी ने ऐलान किया था कि पश्चिम बंगाल के मदरसों में भी वंदे मातरम का गायन अनिवार्य कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी रजिस्टर्ड मदरसों में वंदे मातरम का गायन अनिवार्य कर दिया गया है। शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता स्थित नेशनल लाइब्रेरी में एक प्रोग्राम में हिस्सा लेते हुए यह बात कही थी। साथ ही उन्होंने पिछली ममता बनर्जी सरकार पर राज्य में घुसपैठियों को आने देने और इसकी डेमोग्राफ़ी बदलने का आरोप लगाया।

अधिकारी ने कार्यक्रम में कहा-राज्य के लोग निश्चिंत रहें। अब यहां एक राष्ट्रवादी सरकार है जो सनातनी परंपरा को बनाए रखने को प्राथमिकता देती है। अब राज्य की सीमाएं सुरक्षित होंगी और हर घुसपैठिये को यहां से बाहर भगाया जाएगा। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने राज्य के स्कूलों और रजिस्टर्ड मदरसों में राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम' गाना ज़रूरी कर दिया है।"

ये भी पढ़ें:
कुणाल घोष पर एक बार फिर हमला, बाइकर्स ने रास्ता रोककर कार में की तोड़फोड़; हत्या की मिली धमकी