A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. TMC कार्यालय में कैरम खेलते पाए गए CRPF के जवान, वीडियो वायरल होने पर चुनाव आयोग ने 3 को किया सस्पेंड

TMC कार्यालय में कैरम खेलते पाए गए CRPF के जवान, वीडियो वायरल होने पर चुनाव आयोग ने 3 को किया सस्पेंड

विपक्ष के नेताओं ने इस मामले पर राज्य की टीएमसी सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। चुनाव आयोग ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CRPF) जवानों की ड्यूटी के दौरान लापरवाही पाए जाने पर एक्शन लिया है।

टीएमसी कार्यालय में कैरम खेलते हुए सीआरपीएफ के जवान- India TV Hindi
Image Source : X/HINDUWOMENN टीएमसी कार्यालय में कैरम खेलते हुए सीआरपीएफ के जवान

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव आयोग भी एक्शन मोड पर है। बीरभूम जिले के सूरी में तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के अंदर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CRPF) द्वारा कैरम खेलने का वीडियो सामने आया है। इसके बाद केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के तीन कर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है। इस मामले में विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

स्थानीय युवकों के साथ कैरम खेल रहे थे जवान

शनिवार को सामने आए वीडियो में एक कर्मी सूरी स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के अंदर तीन स्थानीय युवकों के साथ कैरम खेलते हुए, दूसरा कर्मी खड़ा और तीसरा कुर्सी पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सका है।

बीजेपी ने की आलोचना 

सूरी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार जगन्नाथ चटर्जी ने इस घटना की आलोचना करते हुए इसे 'बेहद निंदनीय और निराशाजनक' बताया। चटर्जी ने कहा, 'यह स्पष्ट नहीं है कि केंद्रीय बलों को कैसे और कहां तैनात किया जा रहा है। यदि इस कैरम खेल में स्थानीय प्रशासन या पुलिस की कोई भूमिका थी, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।' 

कांग्रेस ने भी खड़े किए सवाल

कांग्रेस के बीरभूम जिला अध्यक्ष संजय अधिकारी ने भी इसी तरह की चिंता व्यक्त करते हुए कहा, 'कैरम खेलना अपराध नहीं है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के कार्यालय के अंदर ऐसा करना अनुचित है।' 

जानिए क्या बोले टीएमसी के नेता?

इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के बीरभूम जिला सह-उपाध्यक्ष मलय मुखर्जी ने कहा, 'यहां काम करने वाले लोग समझते हैं कि तृणमूल कांग्रेस के साथ अनौपचारिक बातचीत करना कोई अपराध नहीं है। शायद इसीलिए वे बातें कर रहे थे और कैरम खेल रहे थे।'