1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. आईफोन-16 चोरी और फिर बैंक अकाउंट खाली, डॉक्टर के साथ हुई 1.45 लाख रुपये की साइबर ठगी

आईफोन-16 चोरी और फिर बैंक अकाउंट खाली, डॉक्टर के साथ हुई 1.45 लाख रुपये की साइबर ठगी

आईफोन-16 चोरी के बाद डॉक्टर के दो बैंक खातों से 1.45 लाख रुपये निकाले गए। पीड़ित ने बैंकिंग जानकारी का मिस यूज होने की आशंका जताई। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि विशेषज्ञों ने मोबाइल चोरी होने पर तुरंत बैंक अकाउंट और सिम ब्लॉक कराने की सलाह दी।

Cyber Fraud- India TV Hindi
Image Source : PEXELS डॉक्टर के खाते से उड़े 1.45 लाख रुपये

मोबाइल फोन चोरी होने पर सिर्फ फोन का नुकसान नहीं होता, बल्कि उसमें मौजूद निजी और बैंकिंग जानकारी भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ सकती है। पश्चिम बर्दवान के एक डॉक्टर के साथ ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां आईफोन-16 चोरी होने के बाद उनके बैंक खातों से 1.45 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद एक बार फिर मोबाइल चोरी के जरिए होने वाले साइबर अपराधों को लेकर चिंता बढ़ गई है। जानिए क्या है पूरा मामला। 

SMS से हुआ साइबर ठगी का खुलासा

पश्चिम बंगाल में पश्चिम बर्दवान के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. सुब्रत भट्टाचार्य साइबर अपराध का शिकार हो गए हैं। आईफोन-16 चोरी होने के बाद उनके दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 45 हजार रुपये निकाल लिए गए। जानकारी के अनुसार, 11 जून को डॉ. भट्टाचार्य के दूसरे मोबाइल नंबर पर एक एसएमएस आया, जिसमें उनके बैंक खातों से रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। संदेश के अनुसार, आईसीआईसीआई बैंक खाते से चार बार में कुल 1 लाख रुपये और एक्सिस बैंक खाते से एक बार में 45 हजार रुपये निकाले गए।

बैंक डिटेल्स के दुरुपयोग का शक

डॉ. भट्टाचार्य का कहना है कि उन्होंने किसी भी तरह के लेन-देन की अनुमति नहीं दी थी। उन्हें आशंका है कि साइबर अपराधियों ने उनका आईफोन चोरी करने के बाद उसमें मौजूद बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर इस घटना को अंजाम दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर साइबर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों की अहम सलाह 

वहीं, साइबर विशेषज्ञों ने लोगों को मोबाइल चोरी होने के बाद तुरंत सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार, अपराधी मोबाइल चोरी करने के बाद तेजी से बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। इसलिए ऐसी स्थिति में लापरवाही भारी पड़ सकती है।

मोबाइल चोरी होते ही करें ये काम

विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत संबंधित बैंक को सूचना देकर खाते को लॉक या होल्ड करवाएं। साथ ही मोबाइल कंपनी से संपर्क कर सिम कार्ड भी जल्द से जल्द ब्लॉक करवाएं। इससे साइबर अपराधियों को पासवर्ड या अन्य संवेदनशील जानकारी का दुरुपयोग करने का मौका नहीं मिलेगा और बैंक खाते से पैसे निकालना मुश्किल हो जाएगा।

(इनपुट- बीजू मंडल)

ये भी पढ़ें: 'शेर हो या चूहा, सबके पाप का विचार होगा', अभिषेक बनर्जी पर अग्निमित्रा पॉल ने साधा निशाना