1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. होटल रूम में शख्स ने की तेज दुर्गंध की शिकायत, लॉफ्ट बेड की आलमारी खोलते ही निकली लाश

होटल रूम में शख्स ने की तेज दुर्गंध की शिकायत, लॉफ्ट बेड की आलमारी खोलते ही निकली लाश

एक होटल में लॉफ्ट बेड की अलमारी से एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। दुर्गंध की शिकायत पर शव का पता चला। पुलिस को शक है कि शख्स की हत्या कम से कम 2 दिन पहले की गई है। बताया जा रहा है कि दो संदिग्धों ने कमरा बुक किया था।

Kolkata hotel murder, body found in hotel room, Kolkata crime news, hotel room dead body- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY REPRESENTATIONAL कोलकाता के एक होटल में क्षत-विक्षत शव मिला।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के एक होटल में शुक्रवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस को शक है कि युवक की हत्या की गई है। यह शव रफी अहमद किदवई रोड पर पार्क स्ट्रीट के पास स्थित एक होटल के कमरे में लॉफ्ट बेड की बंद अलमारी से मिला। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लाश के बारे में पता तब चला, जब एक ग्राहक को यह कमरा दिया गया। ग्राहक ने कमरे में तेज दुर्गंध की शिकायत की। इसके बाद होटल कर्मचारियों ने कमरे की तलाशी ली, तो अलमारी में अज्ञात युवक का शव मिला।

'हत्या कम से कम 2 दिन पहले की गई'

अधिकारी ने कहा, 'हमें संदेह है कि युवक की हत्या कम से कम 2 दिन पहले कमरे में की गई थी। शव को अलमारी में छिपाया गया और कमरे को बाहर से ताला लगा दिया गया।' होटल मैनेजमेंट के मुताबिक, 4 दिन पहले 2 लोगों ने यह कमरा बुक किया था। वे दो दिन तक यहां रुके और चले गए। जाते समय उन्होंने कमरे की चाबी होटल कर्मचारियों को सौंप दी थी। होटल ने पुलिस को दोनों व्यक्तियों के आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों की प्रतियां सौंपी हैं। पुलिस अब होटल के CCTV फुटेज की जांच कर रही है, ताकि कमरे में आने-जाने वालों और पीड़ित की पहचान का पता लगाया जा सके।

'होटल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही'

अधिकारी ने बताया कि दोनों के कमरे से जाने के बाद हाउसकीपिंग कर्मचारियों ने सफाई की थी, लेकिन उन्हें कुछ संदिग्ध नहीं मिला। यह सवाल उठ रहा है कि सफाई के दौरान कर्मचारियों को दुर्गंध क्यों नहीं आई और क्या लॉफ्ट बेड की अलमारी की जांच की गई थी। इस बारे में पूछे जाने पर अधिकारी ने कहा, 'होटल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही, हम उन ग्राहकों का पता लगा रहे हैं, जो इस कमरे में पहले ठहरे थे।' पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही हत्या के कारणों व संदिग्धों का खुलासा करने की बात कही है। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है, और लोग होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। (PTI)