1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. दुर्गापुर में पंडाल सजने से पहले ही जमा पूंजी पर संकट, 100 से ज्यादा महिलाओं से लाखों की ठगी का आरोप

दुर्गापुर में पंडाल सजने से पहले ही जमा पूंजी पर संकट, 100 से ज्यादा महिलाओं से लाखों की ठगी का आरोप

दुर्गापुर में अधिक ब्याज का लालच देकर 100 से ज्यादा महिलाओं से लाखों रुपये जमा कराने के बाद रकम वापस नहीं करने का आरोप सामने आया है। आरोपी महिला के लापता होने के बाद पीड़ित महिलाओं ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और पैसे वापस दिलाने की मांग की।

Durgapur fraud case- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT/PINTEREST मासिक फंड धोखाधड़ी

दुर्गापुर में पूजा से ठीक पहले 100 से अधिक महिलाओं की वर्षों की कड़ी मेहनत से जमा पूंजी पर संकट खड़ा हो गया है। वीरभानपुर इलाके की महिलाओं ने एक महिला पर अधिक ब्याज का भरोसा देकर मासिक फंड के जरिए लाखों रुपये जमा कराने और बाद में रकम वापस नहीं करने का आरोप लगाया है। आरोपी महिला के कथित तौर पर गायब होने के बाद पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की है। जानिए पूरा मामला क्या है। 

ज्यादा ब्याज का दिया भरोसा

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर में नगर निगम के 40 नंबर वार्ड के वीरभानपुर की रहने वाली चंपा बाउरी के खिलाफ महिलाओं ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि वह अधिक ब्याज का लालच देकर पिछले कई वर्षों से इलाके की महिलाओं से मासिक फंड के नाम पर पैसे जमा करवा रही थी। महिलाओं को जमा रकम पर ज्यादा ब्याज के साथ पैसे लौटाने का भरोसा दिया गया था।

रकम मांगने पर बढ़ी परेशानी

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, 100 से ज्यादा महिलाएं नियमित रूप से इस फंड में पैसे जमा करती थीं। कुछ समय पहले जब महिलाओं ने अपनी जमा रकम वापस मांगनी शुरू की तो कथित तौर पर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। महिलाओं ने चंपा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।

परिवार से भी ली जानकारी

मामले की जानकारी सामने आने के बाद महिलाओं में नाराजगी बढ़ गई। बताया जा रहा है कि उन्होंने चंपा के पति और उसकी मां के घर जाकर भी उसके बारे में जानकारी लेने की कोशिश की। हालांकि, वहां से भी उन्हें चंपा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

थाने पहुंचीं 100 से ज्यादा महिलाएं

आखिरकार शनिवार रात 100 से अधिक महिलाएं एकजुट होकर दुर्गापुर के कोकओवन थाने पहुंचीं। महिलाओं ने चंपा बाउरी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले की जांच की मांग की।

पूजा से पहले पैसे की चिंता

पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्होंने कई वर्षों तक मेहनत करके अपनी जमा पूंजी इस फंड में लगाई थी। पूजा का त्योहार करीब होने के बावजूद पैसे वापस नहीं मिलने से वे काफी परेशान हैं। महिलाओं ने पुलिस से उनकी जमा राशि जल्द वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ेंः एनएच-19 पर रात में फायरिंग, नाइट ड्यूटी जा रहे कर्मचारी को नकाबपोश बदमाशों ने मारी गोली, आरोपी फरार