1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. दुर्गापुर के बेनाचिती में दिनदहाड़े चोरी, कोलकाता से दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्गापुर के बेनाचिती में दिनदहाड़े चोरी, कोलकाता से दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्गापुर के बेनाचिती इलाके में दोपहर के समय घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरी करने के आरोप में पुलिस ने कोलकाता से दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

दुर्गापुर के बेनाचिती में दिनदहाड़े चोरी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दुर्गापुर के बेनाचिती में दिनदहाड़े चोरी

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के बेनाचिती इलाके में दिनदहाड़े चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने दोपहर के समय एक खाली घर की अलमारी तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा लिये। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कोलकाता से दो संदिग्धों को धर दबोचा है। अब इस मामले में आगे की जांच-पड़ताल जारी है।

सूने मकान को बनाया शिकार

यह घटना 16 सितंबर को दुर्गापुर के बेनाचिती स्थित निवेदिता प्लेस इलाके में घटी। पीड़ित परिवार के सदस्यों के अनुसार, दोपहर के समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था और मकान पूरी तरह से खाली था। जब परिवार के लोग वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। हालांकि जब वे मकान के पीछे की ओर गए, तो वहां का दरवाजा खुला हुआ मिला। जब परिजनों ने घर के भीतर प्रवेश किया तो उनके होश उड़ गए क्योंकि कमरों में सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के बहुमूल्य गहने और आवश्यक कागजात चुरा लिए थे और वहां से फरार हो गए थे। 

कोलकाता से पकड़े गए आरोपी

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। शिकायत दर्ज होने के बाद प्रांतिक फांड़ी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सघन जांच शुरू की। गुप्त सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की एक टीम ने कोलकाता के टेंगरा मुस्लिम पाड़ा कैंप इलाके में छापेमारी की। इस अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल मोहम्मद आमिर और मोहम्मद करीम नामक दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को गुरुवार को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने चोरी का सामान बरामद करने और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता की जांच के लिए आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेने की मांग की है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर चोरी किए गए सोने के गहने व दस्तावेज बरामद किए जाने अभी बाकी हैं। 

(रिपोर्ट- बीजू मंडल)

यह भी पढ़ें:

मिथुन चक्रवर्ती को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने शुभेंदु सरकार के सलाहकार, कैबिनेट मंत्री का दर्जा