तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ से दुर्गापुर की सियासत गरमा गई है। पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में TMC कार्यालय में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। 14 नंबर वार्ड के नयापल्ली इलाके में हुई इस घटना को लेकर TMC ने स्थानीय बीजेपी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, बीजेपी विधायक लक्ष्मण चंद्र घड़ुई ने इन आरोपों को खारिज करते हुए घटना को लेकर अलग पक्ष रखा है।
दुर्गापुर के TMC दफ्तर में बवाल
दुर्गापुर के 14 नंबर वार्ड के नयापल्ली इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस ने स्थानीय बीजेपी नेतृत्व पर कार्यालय में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।
ताला तोड़कर सामान नाले में फेंकने का आरोप
तृणमूल का आरोप है कि पार्टी कार्यालय का ताला तोड़कर कुछ लोग अंदर घुसे और वहां रखे कई सामानों में तोड़फोड़ की। आरोप है कि तोड़फोड़ के बाद कार्यालय में नया ताला भी लगा दिया गया। तृणमूल ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय में लगे CCTV कैमरों को तोड़ा गया और कई सामानों को पास के नाले में फेंक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। तृणमूल के पूर्व युवा अध्यक्ष राजू सिंह ने बताया कि पार्टी कार्यालय वापस दिलाने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय बीजेपी विधायक से भी शिकायत की गई है।
BJP विधायक ने आरोपों से किया इनकार
हालांकि, बीजेपी विधायक लक्ष्मण चंद्र घड़ुई ने तृणमूल के आरोपों को खारिज किया है। उनका दावा है कि राजू सिंह के नेतृत्व में स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं को धमकी दी गई थी और उनसे तृणमूल कार्यालय की सफाई करवाने का भी आरोप है।
बीजेपी विधायक के मुताबिक, इसी घटना के विरोध में स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। घटना को लेकर इलाके में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
सिउरी में TMC कार्यालय में भी हुई थी तोड़फोड़
इससे पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। पिछले दिनों ही बीरभूम जिले के सिउरी में TMC पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना हुई है। इस दौरान नेता अनुब्रत मंडल भी दफ्तर में मौजूद थे। जानकारी के मुताबिक, बुधवार शाम कुछ लोग पार्टी ऑफिस में दाखिल हुए। आरोप है कि उन्होंने अनुब्रत मंडल को कुर्सी पर बैठाया और उनके सामने ही दफ्तर में तोड़फोड़ मचाई थी।
(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)
ये भी पढ़ेंः "बिखरे विपक्ष को वोट न दें", रेजीनगर उपचुनाव को लेकर मुस्लिम वोटर्स से CM शुभेंदु अधिकारी की अपील