1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. एनएच-19 पर रात में फायरिंग, नाइट ड्यूटी जा रहे कर्मचारी को नकाबपोश बदमाशों ने मारी गोली, आरोपी फरार

एनएच-19 पर रात में फायरिंग, नाइट ड्यूटी जा रहे कर्मचारी को नकाबपोश बदमाशों ने मारी गोली, आरोपी फरार

आसनसोल में एनएच-19 पर नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे एक कर्मचारी पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। बैग छीनने का विरोध करने पर कर्मचारी को गोली मारी गई, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।

Firing on NH-19- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एनएच-19 पर रात में गोलीबारी

राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) के पास नाइट ड्यूटी पर जा रहे एक कर्मचारी को कथित तौर पर गोली मार दी गई। घायल कर्मचारी की पहचान सालानपुर के अल्लाडी पंचायत के धागुड़ी निवासी हरिदास लायक (43) के रूप में हुई है। गंभीर हालत में उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिला स्थित आसनसोल में हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। जानिए आखिर क्या है पूरा मामला। 

बैग छीनने की फिराक में थे नकाबपोश बदमाश 

बताया जा रहा है कि हरिदास रोज की तरह बाइक से आसनसोल के श्रीहरि ग्लोबल स्कूल में नाइट ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान डीपीएस के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका रास्ता रोकने की कोशिश की। आरोप है कि बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। हरिदास ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने कथित तौर पर उन्हें निशाना बनाकर लगातार दो गोलियां चला दीं। इनमें से एक गोली उनके पैर में लगी।

घायल अवस्था में भी दिखाई हिम्मत

गोली लगने के बावजूद हरिदास ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने हमलावरों का मोबाइल फोन से वीडियो बनाने की कोशिश की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरिदास को ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया। 

कारतूस का खोखा बरामद

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाका चेकिंग और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, डीसी वेस्ट सना अख्तर और डीसी सेंट्रल ध्रुव दास समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल से एक इस्तेमाल किया हुआ कारतूस का खोखा भी बरामद हुआ है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-19 जैसे व्यस्त मार्ग पर रात के समय गोलीबारी की इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना ने रात की ड्यूटी पर जाने वाले आम लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

(रिपोर्ट- बिज्जू मंडल)

ये भी पढ़ेंः शुभेंदु अधिकारी ने उठाया बंगाली हिंदू पहचान का मुद्दा, वामदलों पर साधा निशाना, सीपीएम ने किया पलटवार