A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'बाबरी मस्जिद' वाले हुमायूं कबीर का क्या है प्लान? चुनावों में जीत के बाद दिया बड़ा बयान

'बाबरी मस्जिद' वाले हुमायूं कबीर का क्या है प्लान? चुनावों में जीत के बाद दिया बड़ा बयान

AJUP के नेता हुमायूं कबीर ने 2 सीटों से चुनाव जीतने के बाद विपक्ष में बैठकर भारतीय जनता पार्टी सरकार की नीतियों का विरोध करने की बात कही है। बता दें कि बंगाल में बीजेपी पहली बार अपना मुख्यमंत्री बनाने जा रही है।

Humayun Kabir statement, West Bengal election results 2026- India TV Hindi
Image Source : PTI AJUP के नेता हुमायूं कबीर।

मुर्शिदाबाद: आम जनता उन्नयन पार्टी यानी कि AJUP के संस्थापक और 2 सीटों से चुनाव जीतने वाले विधायक हुमायूं कबीर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि वह विपक्ष में बैठकर जनता के मुद्दों को उठाएंगे और सरकार की गलतियों को उजागर करेंगे। बता दें कि हुमायूं कबीर वही नेता हैं जिन्होंने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में 'बाबरी मस्जिद' की नींव रखी थी। उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में रेजीनगर और नौदा सीट से जीत दर्ज की है जिनमें से एक सीट उन्हें छोड़नी पड़ेगी।

'मैं जनता को बताऊंगा कि बीजेपी क्या गलत कर रही'

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बात करते हुए हुमायूं कबीर ने कहा, 'मैं विपक्ष में बैठूंगा। बीजेपी को बहुत सीटें मिली हैं। मैं अपने जिले और क्षेत्र के विकास के लिए काम करूंगा। अगर सरकार कोई गलत काम करती है, तो मैं जनता को बताऊंगा कि बीजेपी क्या गलत कर रही है, ताकि आने वाले चुनाव में लोग उनके खिलाफ वोट करें।' बता दें कि इस बार के चुनाव में बीजेपी ने 294 सदस्यीय विधानसभा में 200 से ज्यादा सीटें जीतकर बड़ा रिकॉर्ड बनाया है।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का दबदबा खत्म

सूबे में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद राज्य में लंबे समय से चला आ रहा तृणमूल कांग्रेस का दबदबा खत्म हो गया है। चुनाव परिणामों में TMC को बड़ा झटका लगा है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ मंत्री चुनाव हार गए। यह नतीजा राज्य की राजनीति में एक बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। वहीं, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बताया कि नई सरकार 9 मई को शपथ लेगी। खास बात यह है कि इसी दिन महान साहित्यकार रविंद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है।

'बंगाल की यह जीत सामान्य राजनीतिक जीत नहीं'

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने इस जीत को 'भारत के अस्तित्व की लड़ाई' बताया। उन्होंने कहा, 'बंगाल की यह जीत सामान्य राजनीतिक जीत नहीं है। यह भारत की संस्कृति, विरासत और पहचान की लड़ाई थी। यह सिर्फ बीजेपी की नहीं, बल्कि पूरे देश की जीत है। इससे लोकतंत्र और मजबूत हुआ है।' रिजीजू ने आगे कहा कि इस जनादेश से राज्य में स्थिरता आएगी और राजनीतिक हिंसा पर भी रोक लगेगी। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों ने राज्य की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू कर दिया है।