1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'जानती हूं लोगों की सेवा कैसे करनी है...', BJP में शामिल होने पर बोलीं कोयल मल्लिक, पार्टी ने बनाया है राज्यसभा उम्मीदवार

'जानती हूं लोगों की सेवा कैसे करनी है...', BJP में शामिल होने पर बोलीं कोयल मल्लिक, पार्टी ने बनाया है राज्यसभा उम्मीदवार

एक्ट्रेस कोयल मल्लिक को बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। आज कोयल मल्लिक ने बीजेपी ज्वाइन की है।

बीजेपी में शामिल हुईं एक्ट्रेस कोयल मल्लिक- India TV Hindi
Image Source : X/BJP4BENGAL बीजेपी में शामिल हुईं एक्ट्रेस कोयल मल्लिक

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की पूर्व सांसद रुक्मिणी मल्लिक, जिन्हें एक्ट्रेस कोयल मल्लिक के नाम से भी जाना जाता है, आधिकारिक तौर पर कोलकाता में BJP में शामिल हो गईं। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें पश्चिम बंगाल में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए रविवार को ही अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

बंगाल में कुछ महीनों में हुए विकास पर गर्व- कोयल

BJP में शामिल होने पर TMC की पूर्व सांसद रुक्मिणी मल्लिक (एक्ट्रेस कोयल मल्लिक) ने कहा, 'BJP में शामिल होकर मैं सम्मानित और खुश महसूस कर रही हूं। मुझे राज्य में पिछले कुछ महीनों में हुए विकास पर गर्व है। मैं जानती हूं कि लोगों की सेवा कैसे करनी है। इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म है।'

कोयल मल्लिक ने दाखिल किया नामांकन

कोयल मल्लिक का भाजपा में स्वागत करते हुए पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई की महासचिव शशि अग्निहोत्री ने कहा कि एक्ट्रेस सोमवार को राज्यसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इसके कुछ ही देर कोयल मल्लिक राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल करने पश्चिम बंगाल विधानसभा पहुंचीं। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, बीजेपी सांसद और राज्य बीजेपी अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य मौजूद रहे। 

भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोयल मल्लिक ने कहा, ''संसद के उच्च सदन की सदस्य बनना और लोगों के कल्याण के लिए काम करने का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।'' 

कोयल मल्लिक TMC से भी रह चुकी राज्यसभा सांसद

बता दें कि दिग्गज बंगाली फिल्म अभिनेता रंजीत मल्लिक की बेटी कोयल मल्लिक इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की राज्यसभा सदस्य रह चुकी हैं। उन्होंने छह अप्रैल से 16 जुलाई तक थोड़े समय के लिए राज्यसभा सदस्य के रूप में काम किया था। विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। 

तीन राज्यों के 12 राज्यसभा सीट पर होने हैं चुनाव

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल की कुल 12 राज्यसभा सीट के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा के पास स्पष्ट बहुमत है। बाकी अन्य राज्यों में भी बीजेपी ने अपने उम्मीदवार उतारना शुरू कर दिए हैं। यूपी, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल इन तीनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार है। पार्टी को चुनाव जीतने में ज्यादा दिक्कत नहीं होगी।

ये भी पढ़ें: 

बंगाल में 6 महीने में UCC होगा लागू! सीएम शुभेंदु बोले- लव और लैंड जिहाद के खिलाफ आएगा कानून