भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में इस सप्ताह भारी बारिश का अनुमान जताया है। आईएमडी ने कहा कि 25 से 27 जून तक दक्षिण बंगाल के कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि उत्तर बंगाल के कुछ जिलों में 25, 28 और 29 जून को भारी बारिश होगी। आईएमडी ने कहा कि दक्षिण बंगाल के हुगली, दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुरा और पश्चिम बर्धमान जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलापीगुड़ी और कूचबिहार के उप-हिमालयी जिलों में 25, 28 और 29 जून को भारी बारिश होने की संभावना है।
बंगाल में होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने आगे कहा कि जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में बुधवार सुबह तक बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बता दें कि मंगलवार की सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में कूचबिहार में पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 227 मिमी बारिश हुई है। आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि के दौरान बागडोगरा में 87 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कलिम्पोंग में 40 मिमी वर्षा हुई है। बता दें कि देशभर के अलग-अलग राज्यों में मॉनसून की एंट्री के साथ ही बारिश देखने को मिल रही है। इस बीच गुजरात में बारिश ने कहर ढाया हुआ है। कई रिहायशी इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दिल्ली में येलो अलर्ट जारी
वहीं अगर राजधानी दिल्ली की बात करें तो मौसम विभाग ने आज पूरे दिन के लिए गरज के साथ बारिश होने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था। मौसम पूर्वानुमान एजेंसी ‘स्काइमेट’ ने कहा कि दिल्ली में मानसून मंगलवार को दस्तक दे सकता है। इसने X पर कहा, “दिल्ली में 24 जून तक मानसून के आने की संभावना है। उमस, पूर्वी हवाएं चलने और पारे में गिरावट के आसार हैं। आज हल्की बारिश हो सकती है, उसके बाद कल और सप्ताह के कुछ अन्य दिन भी भारी बारिश का अनुमान है।” इस बीच बाकी राज्यों के लिए भी खुशखबरी आई है। आईएमडी ने कहा है कि राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकतर भागों में मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम की स्थितियां अनुकूल हैं।
(इनपुट-भाषा)