A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. VIDEO: कोलकाता में शपथ ग्रहण समारोह से पहले PM मोदी ने मंच पर किसके पैर छुए? जानें उनके बारे में

VIDEO: कोलकाता में शपथ ग्रहण समारोह से पहले PM मोदी ने मंच पर किसके पैर छुए? जानें उनके बारे में

पीएम मोदी ने कोलकाता के बिग्रेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह से पहले मंच पर मौजूद एक बुजुर्ग शख्स के पैर छुए। इसका वीडियो भी सामने आया है।

PM Modi- India TV Hindi
Image Source : ANI VIDEO SCREENGRAB पीएम मोदी ने माखनलाल सरकार के पैर छुए

कोलकाता: पीएम मोदी कोलकाता के बिग्रेड परेड ग्राउंड में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। शपथ ग्रहण से पहले पीएम मोदी ने मंच पर एक बुजुर्ग शख्स के पैर छुए और शॉल पहनाकर उनका सम्मान किया। ऐसे में सभी लोग ये जानने में दिलचस्पी लेने लगे कि आखिर ये बुजुर्ग शख्स कौन है।

कौन है ये शख्स?

पीएम मोदी ने मंच पर जिनके पैर छुए, उनका नाम माखनलाल सरकार है। वह 98 साल के हैं और पश्चिम बंगाल में बीजेपी के वरिष्ठतम कार्यकर्ताओं में से एक हैं। पीएम मोदी ने उनका आशीर्वाद लिया। माखनलाल सरकार ने पार्टी के काफी काम किया है। साल 1952 में, उन्हें भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ कश्मीर में गिरफ्तार कर लिया गया था।

माखनलाल सरकार, भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती जमीनी नेताओं में से एक हैं। 1980 में बीजेपी के गठन के बाद, वे पश्चिम दिनाजपुर, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिलों के संगठनात्मक समन्वयक बने। महज एक वर्ष के भीतर, उन्होंने लगभग 10,000 सदस्यों को नामांकित करने में मदद की।

1981 से लेकर आगे तक, उन्होंने लगातार सात वर्षों तक जिला अध्यक्ष के रूप में भी काम किया। ये उस समय इसलिए ज्यादा बड़ी बात थी क्योंकि तब बीजेपी नेता आमतौर पर दो साल से अधिक समय तक एक ही संगठनात्मक पद पर नहीं रह पाते थे।

कोलकाता में हुआ शपथ ग्रहण समारोह

कोलकाता के बिग्रेड परेड ग्राउंड में आज भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने सीएम पद की शपथ ली। शुभेंदु के अलावा 5 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली, जिसमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडु और निसिथ प्रमाणिक शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह से पहले पीएम मोदी का माखनलाल सरकार के पैर छूना और उनका सम्मान करना काफी चर्चा में रहा। सोशल मीडिया पर भी इसके वीडियो वायरल हो रहे हैं।