1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. दिव्यांग मैकेनिक के घर लाखों की चोरी, जिंदगी भर की जमा-पूंजी ले उड़े चोर

दिव्यांग मैकेनिक के घर लाखों की चोरी, जिंदगी भर की जमा-पूंजी ले उड़े चोर

जामुड़िया के बीजपुर इलाके में एक दिव्यांग गैरेज मैकेनिक के घर से लाखों की चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दिव्यांग मैकेनिक के घर लाखों की चोरी- India TV Hindi
Image Source : STRINGER INPUT दिव्यांग मैकेनिक के घर लाखों की चोरी

जामुड़िया: त्योहारों के मौसम में खाली घर का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य सड़क पर स्थित एक मकान में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। जामुड़िया के बीजपुर इलाके में एक दिव्यांग गैरेज मैकेनिक गणेश गड़ाई के घर से करीब 50 ग्राम सोने के गहने, 100 ग्राम चांदी के गहने और 35 हजार रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह घर लौटने पर परिवार को चोरी की जानकारी मिली। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। इससे पहले पश्चिम बर्दवान के पानागढ़ बाजार में दिनदहाड़े सोने की दुकान से मोबाइल चोरी होने की घटना सामने आई है।

पत्नी को लाने ससुराल गए थे गणेश गड़ाई

मिली जानकारी के अनुसार, बीजपुर निवासी गणेश गड़ाई शुक्रवार को अपनी पत्नी को लाने झारखंड स्थित अपने ससुराल गए थे। रात अधिक हो जाने के कारण वह वहीं रुक गए। इसी दौरान चोरों ने खाली घर को निशाना बनाया। शनिवार सुबह जब गणेश गड़ाई अपनी पत्नी, बेटे और बेटी के साथ घर लौटे, तो बाहर के मुख्य दरवाजे का ताला सही-सलामत मिला। लेकिन घर के अंदर प्रवेश करते ही चोरी का पता चला। घर के अंदर लगातार तीन दरवाजों के ताले टूटे हुए थे। अलमारी तोड़कर सामान बिखेर दिया गया था और साड़ियां तथा कपड़े फर्श पर अस्त-व्यस्त पड़े थे।

बेटी की शादी के लिए रखे गहने भी चोरी

गणेश गड़ाई के अनुसार, चोर घर से करीब 50 ग्राम सोने के गहने, लगभग 100 ग्राम चांदी के गहने और 35 हजार रुपये नकद ले गए। बताया गया है कि सोने के गहने बेटी की शादी के लिए जमा किए गए थे। वहीं, नकदी पत्नी की साड़ी की तह में छिपाकर रखी गई थी। यह रकम बच्चों की स्कूल फीस और लक्ष्मी पूजा के खर्च के लिए बचाकर रखी गई थी। परिवार के लिए यह रकम और गहने वर्षों की मेहनत की कमाई थे। चोरी के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

सिक्कों से भरी थैली और पूजा कक्ष को नहीं छुआ

इस चोरी की घटना में एक और बात सामने आई है। घर के पास वाले कमरे में अलमारी के अंदर लंबे समय से जमा किए गए छुट्टे सिक्कों से भरी एक थैली रखी थी, लेकिन चोरों ने उसे हाथ नहीं लगाया। घर के पूजा कक्ष में रखे सामान को भी नहीं छेड़ा गया। इससे यह सवाल उठ रहा है कि क्या चोरों को घर में कीमती सामान रखे होने की जानकारी पहले से थी। हालांकि, चोरी में किसी परिचित की भूमिका होने की आशंका की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मुख्य सड़क पर चोरी से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

बीजपुर में मुख्य सड़क पर स्थित घर में चोरी की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों का दावा है कि कुछ दिन पहले ही थोड़ी दूरी पर एसबीआई बैंक के पास चोरी की कोशिश हुई थी। उस समय चोर सफल नहीं हो पाए थे, लेकिन इस बार एक दिव्यांग परिवार की जमा-पूंजी चोरी हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद जामुड़िया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके। इस घटना के बाद स्थानीय लोग रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और इलाके की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आखिर इस चोरी की वारदात में शामिल लोगों की पहचान कब होती है और चोरी गया सामान बरामद हो पाता है या नहीं।

(इनपुट - बिजू मंडल)

ये भी पढ़ें - पानागढ़ बाजार में सोने की दुकान से मोबाइल चोरी, CCTV में कैद हुई दो युवकों की करतूत