A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. फुटपाथ हॉकर्स के समर्थन में सड़क पर उतरीं ममता, TMC पर एक के बाद एक आ रही मुसीबतें

फुटपाथ हॉकर्स के समर्थन में सड़क पर उतरीं ममता, TMC पर एक के बाद एक आ रही मुसीबतें

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फुटपाथ हॉकर्स के समर्थन में सड़क पर उतर आईं। वहीं अभिषेक बनर्जी पर 550 करोड़ के भ्रष्टाचार के दो नए केस दर्ज हुए हैं।

Mamata Banerjee, Abhishek Banerjee FIR, TMC Crisis, Footpath Hawkers Protest- India TV Hindi
Image Source : PTI पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है और तृणमूल कांग्रेस लगातार मुश्किलों का सामना करती नजर आ रही है। एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फुटपाथ हॉकर्स के समर्थन में सड़क पर उतर आई हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ दो नई FIR दर्ज हुई हैं। साथ ही पूर्व मंत्री उदयन गुहा की गिरफ्तारी और TMC के कोलकाता ऑफिस को खाली करने की घटना ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

हॉकर्स के प्रदर्शन में शामिल हुईं ममता

धर्मतल्ला में चल रही अवैध अतिक्रमण हटाने की मुहिम के खिलाफ हॉकर्स आज प्रदर्शन कर रहे थे। इसमें अचानक शामिल होकर ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी रोजगार तो दे नहीं सकती, लेकिन लोगों की रोजी-रोटी छीन रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों में बीजेपी ने यही किया और अब बंगाल में भी शुरू कर दिया है। ममता ने कहा,

'फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले गरीब लोग हैं। उनकी दुकानें तोड़ दी गई हैं। वे कहां जाएंगे? अपना परिवार कैसे चलाएंगे?'

उन्होंने मांग की कि सरकार पहले हॉकर्स को वैकल्पिक जगह या रोजगार दे, उसके बाद ही दुकानें हटाई जाएं, अन्यथा वे हॉकर्स के हक के लिए सड़क पर संघर्ष करती रहेंगी।

अभिषेक बनर्जी पर नए मामले

इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उनके संसदीय क्षेत्र डायमंड हार्बर में दो नई FIR दर्ज की गई हैं। साउथ 24 परगना के कालीतला थाने में 300 करोड़ रुपये की मिट्टी चोरी का मामला दर्ज हुआ है। दूसरे मामले में विष्णुपुर थाने में साइक्लोन के दौरान राहत सामग्री में 250 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है। दोनों मामलों में अभिषेक बनर्जी के निजी सचिव सुमित राय और कुछ तत्कालीन ब्लॉक स्तर के अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।

पूर्व मंत्री उदयन गुहा गिरफ्तार

तृणमूल कांग्रेस के नेता और पूर्व मंत्री उदयन गुहा को आज गिरफ्तार कर लिया गया। नगर विकास मंत्री रह चुके गुहा पर चुनावी हिंसा और भ्रष्टाचार के आरोप हैं। उन पर ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ प्रोजेक्ट में लोगों को मकान दिलाने के नाम पर पैसे वसूलने का केस दर्ज है। TMC नेताओं का कहना है कि बंगाल पुलिस अब बीजेपी के इशारे पर उनके नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रही है और बदले की भावना से कार्रवाई हो रही है।

TMC को ऑफिस खाली करना पड़ा

TMC को एक और झटका तब लगा जब कोलकाता के कैनाल साउथ रोड स्थित पार्टी के दफ्तर को खाली करना पड़ा। यह बिल्डिंग मोनोतोष साहा की है, जिन्होंने इसे किराए पर दी थी। पिछले साल कॉन्ट्रैक्ट खत्म हो गया था, लेकिन ममता सरकार में किराया नहीं मिला और मकान मालिक चुप रहे। अब सरकार बदलने के बाद साहा ने पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने तुरंत नोटिस जारी किया और TMC को बिल्डिंग खाली करने को कहा। कल रात ही पार्टी ने सामान निकाल लिया। TMC नेताओं ने बताया कि जल्द ही पूरी बिल्डिंग खाली कर दी जाएगी।

ये भी पढ़ें:

पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और TMC नेता उदयन गुहा गिरफ्तार, कूचबिहार पुलिस ने लिया एक्शन

बंगाल में थाने पर धावा बोलकर TMC नेता जहांगीर खान को छुड़ाने की कोशिश; CM शुभेंदु बोले- किसी को नहीं छोड़ेंगे