1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. दो बच्चों के पिता की पीट-पीटकर हत्या! पराई महिला से अफेयर का शक, दो गिरफ्तार

दो बच्चों के पिता की पीट-पीटकर हत्या! पराई महिला से अफेयर का शक, दो गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के सालानपुर में अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दिल्ली से आए विक्की की मौत के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जानें पूरी खबर।

West Bengal News- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या

पश्चिम बर्दवान (सालानपुर): पश्चिम बंगाल के सालानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रूपनारायणपुर के हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी इलाके में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां कथित तौर पर अवैध प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।

दिल्ली में रहता है मृतक का परिवार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, जान गंवाने वाले युवक की पहचान अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की के तौर पर हुई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि विक्की का परिवार मूल रूप से दिल्ली में बसता है, जिसमें उनकी पत्नी और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। हालांकि, विक्की का आना-जाना लगा रहता था और वह अक्सर यहां हिंदुस्तान केबल्स क्षेत्र के एक क्वार्टर में आकर ठहरते थे।

घर पर अचानक आ धमका था पति

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, बीती शाम विक्की पास ही रहने वाले मंटू यादव के आवास पर पहुंचे थे। माना जा रहा है कि विक्की और मंटू की पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से नजदीकियां थीं। जैसे ही मंटू यादव को इस बात की भनक लगी की विक्की आया है, वह अपना काम बीच में ही छोड़कर अचानक घर आ गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गई।

योजनाबद्ध तरीके से हत्या का आरोप

मृतक की बुआ ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी। प्रेम प्रसंग के इसी विवाद के चलते विक्की को सुनियोजित तरीके से घर बुलाया गया और फिर हाथ-पैर बांधकर उस पर कातिलाना हमला किया गया। मंटू यादव और उसके साथियों ने विक्की को तब तक पीटा जब तक वह बेसुध नहीं हो गए।

अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में तोड़ा दम

घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासियों की मदद से लहूलुहान विक्की को पहले पिठाकेयारी अस्पताल ले जाया गया। वहां हालत बेहद नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बंगाल के आसनसोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में विक्की की सांसें थम गईं।

पुलिस की कार्रवाई, दो गिरफ्तार

वारदात की खबर मिलते ही रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में सुरेंद्र यादव और दीपक यादव नाम के दो आरोपियों को धर दबोचा है। इसके अलावा, मुख्य आरोपी मंटू यादव की पत्नी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और गिरफ्तार आरोपियों को आज आसनसोल कोर्ट में पेश किया जाएगा।

(Input- Bijju Mandal)

ये भी पढ़ें-

'अब चुनाव मैदान में न उतरें ममता बनर्जी, घर पर आराम करें', CM शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व सीएम को क्यों दी ऐसी सलाह?