A
  1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. टीएमसी विधायक मदन मित्रा के घर पहुंची ईडी, पूर्व मंत्री से जुड़े 8 ठिकानों पर छापेमारी

टीएमसी विधायक मदन मित्रा के घर पहुंची ईडी, पूर्व मंत्री से जुड़े 8 ठिकानों पर छापेमारी

ईडी ने शनिवार को म्युनिसिपैलिटी भर्ती घोटाले से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत TMC विधायक मदन मित्रा के ठिकानों पर छापेमारी की। मित्रा पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना ज़िले की कामरहाटी विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

TMC विधायक मदन मित्रा - India TV Hindi
Image Source : ANI TMC विधायक मदन मित्रा। फाइल

कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को नगर निगम भर्ती घोटाले के सिलसिले में टीएमसी विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा से जुड़ी आठ जगहों पर छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, ईडी तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा के घर समेत कोलकाता और उसके आस-पास 8 जगहों पर तलाशी ले रही है। ईडी मदन मित्रा के कोलकाता के भवानीपुर, नॉर्थ 24 परगना के कमरहाटी और साउथ 24 परगना के जोका में स्थित घर पर पहुंची है। सूत्रों का कहना है कि यह सर्च ऑपरेशन नगर निगम भर्ती भ्रष्टाचार मामले के संबंध में है।

मदन मित्रा पर घूस लेने का आरोप

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच से पता चला है कि मदन मित्रा ने कथित तौर पर कामरहाटी म्युनिसिपैलिटी समेत अलग-अलग म्युनिसिपैलिटी में कई पदों पर अयोग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के सिलसिले में बिचौलियों के ज़रिए कैश और सोने के रूप में रिश्वत ली थी। यह रिश्वत कामरहाटी म्युनिसिपैलिटी समेत कई म्युनिसिपल पदों पर अयोग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति कराने के बदले ली गई थी। सूत्रों ने यह भी दावा किया कि TMC नेता ऐसी 125 से ज़्यादा कथित गैर-कानूनी नियुक्तियों से जुड़े हैं। एजेंसी ने कहा कि जांच अभी जारी है और आगे की जानकारी की पड़ताल की जा रही है।

नगर पालिका भर्ती के मामले की जांच कर रही है ईडी

नगर पालिका भर्ती का यह मामला पश्चिम बंगाल में सरकारी पदों पर भर्ती में कथित अनियमितताओं की एक बड़ी जांच का हिस्सा है। पिछले कुछ सालों में, भर्ती से जुड़े कई मामले केंद्रीय जांच एजेंसियों की नज़र में आए हैं। 

 मदन मित्रा का अभी तक नहीं आया बयान

ये तलाशी अभियान TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर सुबह-सुबह पुलिस की कार्रवाई के बीच हुआ। पश्चिम मेदिनीपुर ज़िले में दर्ज एक मामले के सिलसिले में केंद्रीय बलों के साथ पुलिस की एक बड़ी टीम ने कई घंटों तक छापेमारी की। इस खबर को लिखे जाने तक मदन मित्रा ने इन नए आरोपों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ईडी ने कहा है कि आगे की जांच जारी है।

बता दें कि इससे पहले अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर पुलिस पहुंची। पुलिस अभिषेक के पीए की तलाश कर रही है। पीए पर आरोप है कि उन्होंने टिकट दिलाने के नाम पर पैसे लिए थे। 

ये भी पढ़ेंः बंगालः अभिषेक बनर्जी के घर तड़के सुबह पहुंची पुलिस, दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी और ली तलाशी; जानिए पूरा मामला

तृणमूल में टूट: TMC के 19 सांसदों के हस्ताक्षर, कौन है वो 20वां बागी सांसद, गहराता जा रहा सियासी रहस्य